UP Police: स्वतंत्रता दिवस पर गृह मंत्री और डीजीपी मेडल से सम्मानित होंगे 1960 पुलिसकर्मी, ये नाम हैं शामिल
स्वतंत्रता दिवस पर लखनऊ में 1960 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को गृह मंत्री व डीजीपी पदक से सम्मानित किया जाएगा। सेवा अभिलेखों के आधार पर कई अधिकारियों को गृह मंत्रालय के उत्कृष्ट सेवा पदक भी मिलेंगे। कारागार के 24 अधिकारियों और कर्मियों को डीजी जेल के हीरक प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा। डीआइजी सुभाष चन्द्र शाक्य व एसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव को स्वर्ण पदक मिलेगा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 1,960 पुलिस अधिकारियों व कर्मियों काे गृह मंत्री व डीजीपी के पदक से भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें 1,249 को गृह मंत्री का और 711 को डीजीपी का पदक प्रदान किया जाएगा।
सेवा अभिलेखों के आधार पर गृह मंत्रालय के अतिउत्कृष्ट सेवा पदक से 763 पुलिस अधिकारी व कर्मी सम्मानित होंगे। 486 पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को सेवा अभिलेखा के आधार पर गृह मंत्रालय का उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया जाएगा।
जबकि 42 पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को सेवा अभिलेखों के आधार पर डीजीपी का उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह, दो को शौर्य के आधार पर डीजीपी का उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह, 180 को सेवा अभिलेखों के आधार पर डीजीपी का सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह, 23 को शौर्य के आधार पर डीजीपी का सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह, शौर्य के आधार पर आठ को डीजीपी का प्रशंसा चिन्ह प्लेटिनम, 34 को स्वर्ण व 318 को सिल्वर प्रशंसा चिन्ह प्रदान किया जाएगा। ऐसे ही सेवा अभिलेखों के आधार पर सात को स्वर्ण व 97 को सिल्वर प्रशंसा चिन्ह प्रदान किया जाएगा।
गृह मंत्रालय का अतिउत्कृष्ट सेवा पदक पाने वालों में डीजी बीके सिंह, एडीजी लखनऊ जोन सुजीत पांडेय, एडीजी पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड अशोक सिंह के अलावा सेवा अभिलेखों के आधार पर गृह मंत्रालय का उत्कृष्ट सेवा पदक पाने वालों में डीजी पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड एसबी शिरडकर, एडीजी राजीव सब्बरवाल, पुलिस कमिश्नर आगरा अखिल कुमार, पुलिस कमिश्नर लखनऊ अमरेन्द्र सेंगर, डीआइजी राम किशुन के नाम भी शामिल हैं।
कारागार के अधिकारी-कर्मी भी होंगे सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस पर कारागार के 24 अधिकारियों व कर्मियों को डीजी जेल के हीरक प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा। इनमें वरिष्ठ अधीक्षक विजय विक्रम सिंह, अधीक्षक मृत्युंजय कुमार पांडेय, अरविन्द कुमार श्रीवास्तव व आदित्य कुमार के नाम भी शामिल हैं। डीआइजी सुभाष चन्द्र शाक्य व एसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव को प्रशंसा चिन्ह (स्वर्ण) प्रदान किया जाएगा। इनके अलावा 33 अधिकारियों व कर्मियों को प्रशंसा चिन्ह स्वर्ण व 77 को प्रशंसा चिन्ह रजत प्रदान किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।