Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    किसी पर 25 तो किसी पर 22… आपराधिक मामले वाले 179 प्रत्याशी चुनावी मैदान में; देखें सपा-भाजपा कैंडिडेट का आपराधिक इतिहास

    Updated: Sat, 25 May 2024 06:48 PM (IST)

    Lok Sabha Candidate Criminal Record उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर गंभीर आपराधिक आरोपों वाले 179 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं जबकि 34 उम्मीदवारों पर सामान्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। समाजवादी पार्टी के सबसे ज्यादा 40 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 2019 के चुनाव में 220 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज थे इसमें से 181 गंभीर आपराधिक मामलों वाले उम्मीदवार थे। आपराधिक मामलों वाले उम्मीदवारों में सबसे अधिक...

    Hero Image
    चुनावी मैदान में गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपित 21 प्रतिशत प्रत्याशी

    मनोज त्रिपाठी, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर गंभीर आपराधिक आरोपों वाले 179 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जबकि 34 उम्मीदवारों पर सामान्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। समाजवादी पार्टी के सबसे ज्यादा 40, बसपा के 31, भाजपा के 26 और कांग्रेस के 10 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। छोटे दलों व निर्दलीय चुनाव लड़ रहे 106 उम्मीदवारों पर भी मामले दर्ज हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    2019 के चुनाव में 220 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज थे इसमें से 181 गंभीर आपराधिक मामलों वाले उम्मीदवार थे। आपराधिक मामलों वाले उम्मीदवारों में सबसे अधिक 36 केस नगीना से आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) के प्रत्याशी चंद्रशेखर पर हैं। इन पर हत्या के प्रयास व डकैती सहित अन्य आरोपों में मामले हैं।

    बाबू कुशवाहा के खिलाफ कुल 25 मामले दर्ज

    जौनपुर से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे बाबू सिंह कुशवाहा के विरुद्ध धोखाधड़ी, बेइमानी सहित अन्य आरोपों से संबंधित 25 मामले दर्ज हैं। बलिया से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे लल्लन सिंह यादव पर धोखाधड़ी, बेइमानी सहित अन्य आरोपों से संबंधित 22 मामले हैं।

    लखनऊ से सपा के उम्मीदवार रविदास मेहरोत्रा पर मारपीट व सरकारी कर्मचारी के बेइज्जजी करने सहित अन्य आरोपों में 18 व वाराणसी से कांग्रेस के उम्मीदवार अजय राय पर हत्या के प्रयास, लूट, डकैती सहित अन्य आरोपों में 18 मामले दर्ज हैं।

    फतेहपुर सीकरी से कांग्रेस के उम्मीदवार रामनाथ सिंह सिकरवार पर हत्या के प्रयास सहित अन्य आरोपों में 17, अकबरपुर से भाजपा के उम्मीदवार देवेंद्र सिंह भोले पर हत्या के प्रयास सहित 13 व श्रावस्ती से बसपा उम्मीदवार मोइनुद्दीन अहमद खान पर चोरी की संपत्ति खरीदने, धमकी देने व दंगे सहित अन्य आरोपों में 10 आपराधिक मामले पंजीकृत हैं।

    मैदान में पांच अरबपति, हेमा मालिनी हैं सबसे अमीर प्रत्याशी

    चुनावी मैदान में इस बार पांच अरबपति प्रत्याशी भी हैं। 40 प्रतिशत से ज्यादा करोड़पति उम्मीदवार भी हैं। भाजपा के सबसे ज्यादा 74, बहुजन समाज पार्टी के 60, समाजवादी पार्टी के 58 व कांग्रेस के 14 उम्मीदवार करोड़पति हैं। छोटे राजनीतिक दलों व निर्दलीय 163 करोड़पति उम्मीदवार भी मैदान में हैं। सबसे अमीर में मथुरा से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहीं हेमा मालिनी हैं। इनकी संपत्ति 278 करोड़ रुपये की है। दूसरे नंबर झांसी से भाजपा के उम्मीदवार अनुराग शर्मा हैं, इनकी संपत्ति 212 करोड़ रुपये की है।

    बरेली से सपा के उम्मीदवार प्रवीन सिंह एरन की संपत्ति 182 करोड़ रुपये की है। सहारनपुर से बसपा के उम्मीदवार माजिद अली की संपत्ति 159 करोड़ रुपये की है। फिरोजाबाद से सपा उम्मीदवार अक्षय यादव की संपत्ति 136 करोड़ रुपये की है।

    सुल्तानपुर से भाजपा की मेनका गांधी की संपत्ति 97 करोड़, उन्नाव से सपा की अन्नु टंडन की संपत्ति 79 करोड़ और सहारनपुर से चुनाव लड़ रही तस्मीम बानो की संपत्ति 78 करोड़ है।

    फूलपुर से भाजपा प्रत्याशी प्रवीन पटेल की संपत्ति 64 करोड़, कैसरगंज से भाजपा के करण भूषण सिंह की संपत्ति 49 करोड़, घोसी से सपा के राजीव राय की संपत्ति 49 करोड़, प्रतापगढ़ से सपा के शिवपाल सिंह पटेल की संपत्ति 46 करोड़ और गोरखपुर से भाजपा के रवि किशन (रवीन्द्र शुक्ला) की संपत्ति 43 करोड़ है।

    मैनपुरी से सपा की डिम्पल यादव और कन्नौज के अखिलेश यादव की संपत्ति 42-42 करोड़ है। महाराजगंज से भाजपा प्रत्याशी पंकज चौधरी की संपत्ति 41 करोड़, गोंडा से भाजपा के कीर्तिवर्धन सिंह की संपत्ति 37 करोड़ और कानपुर से कांग्रेस के प्रत्याशी आलोक मिश्रा की संपत्ति 35 करोड़ रुपये की है।

    निर्धन उम्मीदवार भी आजमा रहे किस्मत

    चुनावी रण में खीरी से उत्तर प्रदेश रिपब्लिकन पार्टी की उम्मीदवार कुमारी पंचशिला आनंद की संपत्ति शून्य है। प्रतापगढ़ से चुनाव लड़ रहे निर्दलीय राम कुमार यादव की कुल संपत्ति 1,686 रुपये है। मछलीशहर से निर्दलीय सुबास की संपत्ति 10 हजार, आगरा से निर्दलीय हसनुराम अम्बेडकरी की संपत्ति 12,000 रुपये हैं। एटा से निर्दलीय कैलाश कुमार की संपत्ति 19,000 रुपये व रवि कुमार की कुल संपत्ति 21,000 रुपये है।

    गोरखपुर से अल हिन्द पार्टी के श्रीराम प्रसाद की संपत्ति 25,000 रुपये, मछलीशहर से समाज परिवर्तन पार्टी से चुनाव लड़ रहीं उर्मिला की संपत्ति 34,000 रुपये, चंदौली से निर्दलीय संतोष कुमार की संपत्ति 38,000 रुपये और महाराजगंज से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे रामप्रीत की संपत्ति 50,000 रुपये है।

    दस अनपढ़ उम्मीदवार भी हैं चुनावी मैदान में

    लोकसभा के चुनावी मैदान में 10 अनपढ़ उम्मीदवार भी हैं। वहीं पांचवीं से 12 वीं तक की शिक्षा वाले 282 हैं। स्नातक व उससे अधिक पढ़ाई करने वाले सर्वाधिक 510 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि डिप्लोमा धारकों में 17 हैं। 36 उम्मीदवार साक्षर हैं।

    चुनावी रण में केवल नौ प्रतिशत महिलाएं

    विभिन्न राजनीतिक दल भले ही महिलाओं के आरक्षण की वकालत कर रहे हैं, लेकिन चुनावी परिदृश्य पर नजर डालते ही स्पष्ट हो जाता है कि महिलाओं को लेकर राजनीतिक दल कितने गंभीर हैं। उप्र में 851 उम्मीदवारों में 79 महिला ही अपना भाग्य आजमा रही हैं।

    पहले चरण में सात, दूसरे चरण में नौ, तीसरे चरण में आठ, चौथे चरण में 16, पांचवें चरण में 13, छठे चरण में 16 व सातवें चरण में दस महिला उम्मीदवार मैदान में हैं।

    284 युवा उम्मीदवारों ने भी ताल ठोंकी

    लोकसभा चुनाव में 25 से 40 आयु वर्ग वाले 284 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। वहीं 41 से 60 वर्ष के आयु वर्ग में सबसे ज्यादा 415 और 61 से 80 आयु वर्ग में 152 उम्मीदवार उतरे हैं।

    यह भी पढ़ें- मेनका गांधी समेत इन दिग्गजों की अग्निपरीक्षा, आज मतदाता करेंगे 162 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला

    comedy show banner
    comedy show banner