विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ललितपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2700 घरों को मिली मंजूरी, पहली किस्त का बजट जारी

Published: Sun, 22 Nov 2026 12:57 PM (IST)

ललितपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 2700 लाभार्थियों के आवासों को मंजूरी मिल गई है।  

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

HighLights

  1. ललितपुर में 2700 प्रधानमंत्री आवासों को मिली स्वीकृति।

  2. पहली किस्त के लिए बजट जारी, प्रक्रिया शुरू।

  3. गरीब परिवारों को मिलेगा पक्के मकान का सहारा।

जागरण संवाददाता, ललितपुर। जनपद के हजारों गरीब परिवारों के अपने पक्के मकान का सपना अब साकार होने की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत शासन ने जनपद को 9653 आवासों का लक्ष्य आवंटित किया है। इसके सापेक्ष 2700 लाभार्थियों के आवासों को मंजूरी मिल चुकी है।

खास बात यह है कि स्वीकृत आवासों के लाभार्थियों को पहली किस्त की धनराशि उपलब्ध कराने के लिये बजट भी प्राप्त हो गया है। अब विभागीय स्तर पर लाभार्थियों के बैंक खातों में धनराशि हस्तान्तरित करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं, जिन्हें कच्चे और जर्जर मकानों में रहकर मौसम की मार झेलनी पड़ती है। बारिश के दिनों में छतों से पानी टपकने और गर्मी-सर्दी में होने वाली परेशानियों के बीच इन परिवारों के लिये पक्का मकान किसी सपने से कम नहीं है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से ऐसे पात्र परिवारों को सुरक्षित और स्थायी आवास उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। जनपद को मिले 9653 आवासों के लक्ष्य से ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

विभाग के सामने अब स्वीकृत लाभार्थियों तक पहली किस्त की धनराशि समय से पहुंचाने और आवास निर्माण की प्रक्रिया को गति देने की जिम्मेदारी है। 2700 आवासों की मंजूरी के बाद पहली किस्त के लिये बजट मिलना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

चरणबद्ध होगा भुगतान

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को मकान निर्माण के लिये 1.20 लाख रुपये की सहायता दी जाती है। यह धनराशि 3 किस्त में उपलब्ध कराई जाती है। पहली किस्त में 40 हजार रुपये, जबकि शेष धनराशि दूसरी और तीसरी किस्त के रूप में निर्माण की प्रगति के अनुसार दी जाती है।

बैंक खातों में पहुंचेगी रकम

प्रथम किस्त के लिये बजट प्राप्त होने के बाद विभाग लाभार्थियों के खातों में धनराशि भेजने की प्रक्रिया शुरू कर रहा है। एसएनए स्पर्श प्रणाली के माध्यम से भुगतान किया जायेगा। इससे सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचेगी और आवास निर्माण के लिये उन्हें शुरुआती आर्थिक मदद मिल सकेगी।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में जनपद को 9653 आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इनमें से 2700 आवासों को मंजूरी मिल चुकी है। एसएनए स्पर्श प्रणाली के माध्यम से पहली किस्त के 40-40 हजार रुपये लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित किये जाएंगे।

-अतिरंजन सिंह, डीडीओ/प्रभारी परियोजना निदेशक, डीआरडीए

यह भी पढ़ें- झांसी और ललितपुर में बनेंगे 65 हजार टन क्षमता के गोदाम, कैबिनेट ने दी मुफ्त जमीन को मंजूरी

यह भी पढ़ें- गोशालाओं से निकलेगा समृद्धि का रास्ता: यूपी में बनेंगे 'नेचुरल फार्मिंग डिस्ट्रिक्ट', ललितपुर बनेगा पहला पायलट मॉडल

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।