विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुधवा टाइगर रिजर्व में 1 नवंबर से नया पर्यटन सत्र शुरू, पुरानी दरों पर मिलेगा जंगल सफारी का आनंद

Published: Sat, 31 Oct 2026 10:07 AM (IST)

दुधवा टाइगर रिजर्व 1 नवंबर से शुरू होने वाले नए पर्यटन सत्र के लिए पूरी तरह तैयार है। पर्यटकों को ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. 1 नवंबर से शुरू होगा दुधवा का नया पर्यटन सत्र।

  2. पर्यटन शुल्क में कोई बढ़ोतरी नहीं, पुरानी दरें लागू।

  3. गाइड प्रशिक्षण, जिप्सी पंजीकरण सहित सभी तैयारियां पूरी।

जागरण संवाददाता, लखीमपुर। दुधवा टाइगर रिजर्व नए पर्यटन सत्र में सैलानियों के स्वागत के लिए तैयार हो गया है। एक नवंबर से शुरू होने वाले पर्यटन सत्र को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। जंगल के भीतर पर्यटन मार्गों की मरम्मत से लेकर गाइडों के चयन, जिप्सियों के पंजीकरण और पर्यटन परिसर की साज-सज्जा तक का काम पूरा कर लिया गया है।

वन्यजीवों के दीदार और जंगल की खूबसूरती को करीब से महसूस करने के लिए पर्यटकों को इस बार भी पिछले सत्र की दरों पर ही पर्यटन का आनंद लेने का मौका मिलेगा। विभाग ने नए सत्र में किसी भी शुल्क में बढ़ोतरी नहीं की है।

50 गाइडों को मिला प्रशिक्षण, स्टाफ भी तैयार

पर्यटकों को जंगल की खासियतों और वन्यजीवों के बारे में जानकारी देने के लिए 50 गाइडों का चयन कर उनका प्रशिक्षण भी पूरा करा लिया गया है। इसके साथ ही पर्यटन स्टाफ को भी प्रशिक्षण दिया जा चुका है। गाइड जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को वन्यजीवों, वन क्षेत्र और यहां की प्राकृतिक विशेषताओं से परिचित कराने में अहम भूमिका निभाएंगे। पर्यटन व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों को भी नए सत्र के लिए तैयार कर लिया गया है।

65 जिप्सियों का पंजीकरण पूरा

जंगल सफारी के लिए इस्तेमाल होने वाली जिप्सी गाड़ियों का पंजीकरण भी पूरा हो चुका है। नए पर्यटन सत्र के लिए कुल 65 जिप्सियों का पंजीकरण किया गया है। वहीं, पर्यटकों के आगमन को देखते हुए पर्यटन परिसर के भवनों की रंगाई-पुताई का काम भी पूरा कर लिया गया है। तैयारियों के पूरा होने के साथ ही दुधवा में पर्यटन गतिविधियां शुरू करने की सभी प्रमुख व्यवस्थाएं पूरी हो गई हैं।

पिछले साल वाली दरों पर ही कर सकेंगे सैर

नए पर्यटन सत्र में पर्यटकों को शुल्क में बढ़ोतरी से राहत मिलेगी। विभाग ने पिछले साल की तरह ही दरें निर्धारित रखी हैं। जंगल सफारी के लिए जिप्सी का शुल्क 1850 रुपये और गाइड का शुल्क 500 रुपये निर्धारित है।

प्रवेश शुल्क प्रति व्यक्ति 250 रुपये और बच्चों के लिए 100 रुपये रखा गया है। इसके अतिरिक्त रोड टैक्स 500 रुपये तथा पर्यटन परिसर में प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 100 रुपये शुल्क देना होगा। हाथी की सवारी का शुल्क चार लोगों के लिए 2000 रुपये निर्धारित है।

सैलानियों की आगवानी को तैयार

दुधवा का नया पर्यटन सत्र एक नवंबर से शुरू होने जा रहा है। वन्यजीव प्रेमियों और प्रकृति के करीब समय बिताने के इच्छुक सैलानियों के लिए यह खास रहेगा। पर्यटन सत्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एक नवंबर से शुरू होने वाले सत्र के लिए तैयारियां पूरी होने के साथ दुधवा अब सैलानियों की अगवानी को तैयार है।

-जगदीश आर, उपनिदेशक, दुधवा टाइगर रिजर्व।

यह भी पढ़ें- बक्सा टाइगर रिजर्व से 390 किमी दूर असम पहुंची बाघिन लापता, तलाश में जुटे वनकर्मी 

यह भी पढ़ें- यूपी में पर्यटकों के लिए 15 दिन पहले खुल जाएंगे टाइगर रिजर्व और नेशनल पार्क, जंगल सफारी की तैयारी भी पूरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।