‘उपज बढ़ाओ, इनाम पाओ’ में चमके लखीमपुर के 457 गन्ना किसान, उच्च पैदावार पर सम्मान
डीसीएम श्रीराम समूह ने 'उपज बढ़ाओ, इनाम पाओ' परियोजना के तहत लखीमपुर खीरी में 457 गन्ना किसानों को उच्च पैदावार के लिए सम्मानित किया। विशेषज्ञों ने उत्पादकता बढ़ाने हेतु उन्नत कृषि तकनीकों, मिट्टी परीक्षण और शुद्ध बीज के उपयोग पर जोर दिया।
-1795849052163_m.webp)
यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।
संवादसूत्र, जागरण, जंगबहादुरगंज (लखीमपुर)। शरदकालीन गन्ना बुवाई अभियान के तहत डीसीएम श्रीराम समूह की ‘उपज बढ़ाओ, इनाम पाओ’ परियोजना में 457 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। पेराई सत्र 2025-26 में एक हजार से 1499 कुंतल प्रति हेक्टेयर से अधिक उपज लेने वाले किसानों को हाई यील्ड योजना के तहत यह सम्मान दिया गया। उन्होंने उन्नत खेती, नवीन कृषि तकनीकों और अनुशंसित गन्ना प्रजातियों को अपनाया।
ईडी आरएल टामक ने कहा कि किसानों की सुख-समृद्धि के लिए अधिक उपज जरूरी है। औसत पैदावार कम होने के कारण उत्पादकता बढ़ाने पर ध्यान देना होगा। उन्होंने शुद्ध बीज के इस्तेमाल की सलाह दी। बताया कि अजबापुर मिल 1997 में शुरू हुई थी, तब यहां 22 लाख कुंतल गन्ने की पेराई हुई थी। अब यह बढ़कर सवा दो करोड़ कुंतल से अधिक हो गई है।
डीसीओ अनिल कुमार भारती ने मिट्टी की जांच, रोग प्रतिरोधी किस्मों के चयन और पानी का सीमित इस्तेमाल करने को कहा। उन्होंने बताया कि 15 मार्च तक बुवाई करने से उपज 10 प्रतिशत बढ़ सकती है। बीज की कमी के मद्देनजर गन्ने और गेहूं की एक साथ बुवाई करने वाली मशीन के इस्तेमाल पर भी जोर दिया।
गन्ना शोध संस्थान, शाहजहांपुर के डा. पीके कपिल ने बीज के लिए 8 से 10 माह के गन्ने के इस्तेमाल, हर चार साल में मिट्टी की जांच, सह-फसल और चार फीट की दूरी पर बुवाई की सलाह दी।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर के कुंभी चीनी मिल में लैक्टिक एसिड सेक्शन का शुभारंभ, औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति
यूनिट हेड प्रदीप त्यागी ने बताया कि क्षेत्र में औसत उपज 450 कुंतल है, जिसे वैज्ञानिक तरीकों से दोगुना किया जा सकता है। कार्यक्रम में पेड़ी प्रबंधन, ट्रेंच विधि, जैविक खाद और आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी दी गई।