विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्वाद और आस्था का मेला: आधुनिकता के दौर में भी कायम है 'नथुनियां छाप' जलेबी की मिठास, लखीमपुर के ठुठवा मेले में दीवाने हुए लोग

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:10 AM (IST)

लखीमपुर खीरी के ठुठवा मेले में कार्तिक पूर्णिमा पर घाघरा नदी में स्नान के बाद पूड़ी-सब्जी के साथ गरमागरम जलेबी खाने की सदियों पुरानी परंपरा आज भी कायम है। राजा रघुराज प्रताप सिंह द्वारा शुरू की गई यह अनूठी प्रथा मेले का मुख्य आकर्षण बनी हुई है, जहाँ जलेबी की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ती है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. घाघरा नदी में स्नान के बाद पूड़ी-सब्जी संग जलेबी का स्वाद।

  2. ठुठवा मेले में जलेबी खाने की परंपरा सदियों से कायम।

  3. राजा रघुराज प्रताप सिंह ने मेले की शुरुआत की थी।

अंबुज मिश्र, ईसानगर (लखीमपुर)। घाघरा की लहरें, घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ और कढ़ाही में छनती गरमागरम जलेबी की खुशबू...। ठुठवा मेले का यह नजारा बरसों से लोगों के जेहन में बसा है। यहां गंगा स्नान के बाद पूड़ी-सब्जी के साथ जलेबी खाने का अपना ही आनंद है। यह महज स्वाद का शौक नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही एक ऐसी परंपरा है, जिसने ठुठवा मेले को अलग पहचान दी है।

कार्तिक पूर्णिमा पर घाघरा नदी में स्नान करने के बाद श्रद्धालु घाट किनारे बैठकर घर से लाई पूड़ी-सब्जी के साथ मेले की गरमागरम जलेबी का स्वाद लेते हैं। कोई परिवार के साथ इस परंपरा को निभाता है तो कोई दोस्तों और रिश्तेदारों को जलेबी खिलाकर मेले की खुशियां साझा करता है। मेले में खरीदारी करने और घूमने आने वाले लोग भी जलेबी का स्वाद चखना नहीं भूलते। यही कारण है कि यहां जलेबी की दुकानों पर सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है।

क्षेत्र के बुजुर्गों के मुताबिक, करीब चार सौ वर्ष पूर्व ईसानगर स्टेट के राजा रघुराज प्रताप सिंह ने ठुठवा मेले की शुरुआत कराई थी। उस समय मेले में गरीब कन्याओं को भोजन कराने के साथ साधु-संतों के लिए भंडारे आयोजित किए जाते थे। कन्याओं, साधु-संतों और मेले में आने वाले आम लोगों को पूड़ी-सब्जी के साथ जलेबी परोसी जाती थी। धीरे-धीरे मेले का स्वरूप बदला।

आधुनिक दुकानों, झूलों और मनोरंजन के साधनों ने जगह बना ली, लेकिन पूड़ी-सब्जी के साथ जलेबी खाने की परंपरा आज भी उसी उत्साह से निभाई जा रही है। ठुठवा मेले में जलेबी की बात हो और नथुनियां छाप जलेबी का जिक्र न हो, ऐसा हो नहीं सकता। दुकानदार भी अपनी जलेबी की पहचान बताने में इस नाम का खूब इस्तेमाल करते हैं। कढ़ाही से निकलकर चाशनी में डुबोई गई गरमागरम जलेबी का स्वाद लेने के लिए ग्राहकों की भीड़ जुटती है।

मेले के करीब एक तिहाई हिस्से में जलेबी और मिठाई की दुकानें सजी हैं। अनुमान है कि प्रतिदिन कई क्विंटल जलेबी की बिक्री होती है। इस बार भी जलेबी की दुकानों पर जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। मेले की चमक-दमक और बदलते दौर के बीच बहुत कुछ बदल गया, लेकिन घाघरा के घाट पर पूड़ी-सब्जी के साथ जलेबी खाने का रिवाज नहीं बदला। शायद यही वजह है कि ठुठवा मेले से लौटने वालों की यादों में खरीदारी और मनोरंजन के साथ जलेबी की मिठास भी लंबे समय तक बनी रहती है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर में हाथियों ने रौंदी पांच बीघा गन्ने की फसल, किसान को हुआ भारी नुकसान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।