लखीमपुर में हाथियों ने रौंदी पांच बीघा गन्ने की फसल, किसान को हुआ भारी नुकसान
लखीमपुर के बेलरायां वन रेंज में जंगली हाथियों ने किसान रामदयाल की पांच बीघा गन्ने की फसल रौंदकर नष्ट कर दी, जिससे किसान आर्थिक संकट में है। ग्रामीणों में दहशत है और वे वन विभाग से गश्त बढ़ाने व मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
-1795745123570_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
संवाद सूत्र, सिंगाही (लखीमपुर)। बेलरायां वन रेंज क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात हाथियों के झुंड ने बथुआ गांव के प्रधान पुरवा निवासी किसान रामदयाल के खेत में घुसकर करीब पांच बीघा गन्ने की फसल रौंदकर नष्ट कर दी। सालभर की मेहनत बर्बाद होने से पीड़ित किसान के सामने परिवार के भरण-पोषण का आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
सुबह खेत पहुंचने पर गन्ना पूरी तरह टूटा और बिखरा पड़ा मिला। उधर, क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत है। शाम होते ही लोग घरों में कैद हो जाते हैं और फसल बचाने के लिए रातभर जागकर ढोल बजाकर हाथियों को खदेड़ने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और बर्बाद हुई फसल का जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की है।