यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 24, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लखीमपुर के भाजपा विधायक पर खनन माफिया ने चलाईं गोलियां
सदर विधायक योगेश वर्मा पर अवैध खनन का विरोध करने को लेकर लाइसेंसी व अवैध असलहों से फायर कर दिए।

लखीमपुर (जागरण संवाददाता)। सदर विधायक योगेश वर्मा व उनके प्रतिनिधि पर शनिवार देर रात खनन माफिया ने फायरिंग कर दी। विधायक व उनके प्रतिनिधि का कहना है कि हमले की ये घटना अवैध खनन का विरोध के कारण हुई। विधायक के प्रतिनिधि शांतनु तिवारी की तहरीर पर तीन के खिलाफ नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।
छाउछ निवासी शांतनु तिवारी ने बताया कि शनिवार रात 11 बजे वह सदर विधायक योगेश वर्मा के साथ जिला अस्पताल से उनके राजगढ़ स्थित घर गाड़ी से जा रहे थे। ओवरब्रिज के पास बालू भरी सात ट्रैक्टर-ट्रॉली आईं, जिसमें एक ट्रैक्टर चालक ने उनकी गाड़ी में टक्कर मारने का प्रयास किया। इसमें उनके चालक राजू ने गाड़ी किनारे कर ली।
तभी खनन माफिया प्रेम वर्मा निवासी इलाइचीपुरवा थाना खीरी और नसीम व सलीम निवासीगण रामापुर कोतवाली सदर कार से वहां आ गए और शांतनु तिवारी व सदर विधायक योगेश वर्मा पर अवैध खनन का विरोध करने को लेकर लाइसेंसी व अवैध असलहों से फायर कर दिए। इसी बीच शांतनु व चालक राजू वर्मा के शोर मचा देने पर कुछ लोग व पुलिस आ गई और तीनों को पकड़कर कोतवाली ले आई।
साथ ही बालू भरे उक्त सातों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भी कब्जे में ले लिया। तीनों आरोपित रात में ही कोतवाली से भाग गए। पुलिस की लापरवाही पर विधायक समर्थकों के साथ रात में ही कोतवाली गेट पर धरने पर बैठ गए।
एसपी ने नहीं की बात, छुट्टी पर गए कोतवाल: अवैध खनन का मामला और विधायक पर जानलेवा हमले जैसी घटना के बाद भी मामले पर बोलने से एसपी दिन भर बचते रहे। शनिवार देर रात से लेकर रविवार सुबह तक इतना सब हो गया, लेकिन एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने मामले में किसी भी कार्रवाई की जानकारी नहीं दी। रविवार दोपहर एसपी डॉ. एस चन्नप्पा को उनके सरकारी आवास परिसर से ही फोन मिलाया गया, लेकिन कई बार घंटी जाने पर भी फोन नहीं उठा।
यह भी पढ़ें: वैशाली एक्सप्रेस में मिली 14 बोतल अंग्रेजी शराब
फोन पर भी बताया व्यस्त हैं: कैंप कार्यालय के रिसेप्शन पर पूछने पर पता चला कि साहब आवास में हैं, लेकिन अभी कार्यालय में नहीं बैठेंगे। शाम को फिर एसपी को फोन मिलाया गया तो उनका सरकारी नंबर पीआरओ ने उठाया। पीआरओ ने बताया कि अभी साबह बिजी हैं, बात नहीं हो पाएगी।
