यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 06, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Luteri Dulhan : लखीमपुर में 60 हजार रुपये लेकर दुल्हन बनी युवती ने आठवें दिन दिखाया ऐसा रंग, सभी रह गए दंग
Luteri Dulhan Escaped with Jewelry and Cash उसने लखीमपुर की एक महिला को 60 हजार रुपये देकर उसके सामने विवाह ...और पढ़ें

HighLights
- लुटेरी दुल्हन नशीला पदार्थ खिला सारे जेवर और नकदी लेकर हुई फरार
- सात दिन पहले ही दूसरी शादी कर आई थी मुड़िया खुर्द गांव
संवाद सूत्र, जागरण, लखीमपुर : विवाह के पवित्र बंधन का फूलबेहड़ के मुड़िया खुर्द गांव में एक महिला ने ऐसा मखौल बनाया कि अब लोग दूसरा विवाह करने से पहले सौ बार विचार करेंगे। लुटेरी दुल्हन ने यहां पर भरोसे के रिश्ते को मजाक बना डाला।
तीन बच्चों के पिता ने यहां पत्नी की मृत्यु के बाद दूसरा विवाह किया तो ठगी का शिकार हो गया। उसकी नई पत्नी ने एक सप्ताह बाद ही उसे और बच्चों को नशीला पदार्थ खिलाकर घर में रखी नकदी और गहने समेटकर फरार हो गई।
राजेन्द्र प्रसाद लोधी की पत्नी का कई वर्ष पहले निधन हो गया था। वह तीन बच्चों के साथ लंबे समय से अकेला जीवन जी रहा था। नौ दिन पहले परिचित महिला की मदद से उसने लखीमपुर की एक महिला को 60 हजार रुपये देकर उसके सामने विवाह का प्रस्ताव रखा।
उसके दो दिन बाद विवाह हुआ और दुल्हन बनकर घर आई। वह सामान्य तरीके से रहन-सहन अपनाने लगी। गुरुवार रात उसने अपना रूप दिखाया और मौका देखकर पति और तीनों बच्चों को नशीला पदार्थ खिला दिया। सभी बेहोश हो गए और इस बीच वह घर में रखी नकदी व गहनों को समेटकर चुपचाप फरार हो गई।
जब परिवार के सदस्य सुबह नींद से जागे तो महिला गायब मिली। घर की तलाशी लेने पर नकदी और गहने गायब थे। पहले तो इन लोगों ने महिला के लौटने का इंतजार किया, लेकिन जब समय अधिक हो गया तो खोजबीन शुरू की गई। महिला का कहीं पता नहीं चला।
इस मामले में सुंदरवल चौकी प्रभारी पवन प्रताप सिंह ने बताया कि अभी तक उन्हें किसी भी प्रकार की शिकायत या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। गांव में इस ठगी की चर्चा जोरशोर से हो रही है और लोगों के बीच ऐसे विवाह को लेकर चिंता भी गहराने लगी है।
