Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Lakhimpur Kheri Nikay Chunav: सत्ता दल के लिए प्रतिष्ठा तो विपक्ष के लिए चुनौती बनी लखीमपुर और मोहम्मदी सीट

    By punesh vermaEdited By: Shivam Yadav
    Updated: Mon, 24 Apr 2023 06:54 PM (IST)

    वर्ष 2017 में हुए चुनाव में भाजपा ने टिकट बदलकर निरुपमा मौनी वाजपेयी को चुनाव मैदान में उतारा। जीत भी भाजपा की ही हुई। निरुपमा मौनी वाजपेयी ने बसपा प्रत्याशी रहीं रमा मोहन बाजपेई को हराया था। इस तरह भाजपा का यहां लगातार दो बार से कब्जा बरकरार है।

    Hero Image
    सत्ता दल के लिए प्रतिष्ठा तो विपक्ष के लिए चुनौती बनी लखीमपुर और मोहम्मदी सीट

    लखीमपुर, जागरण संवाददाता: नगर निकाय चुनाव में वैसे तो सभी सीटों पर विभिन्न दलों की दावेदारी तगड़ी है। सब अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं, पर लखीमपुर और मोहम्मदी नगर पालिका परिषद का अध्यक्ष पद जहां भारतीय जनता पार्टी यानी सत्ता पक्ष के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना है, वहीं विपक्षी दलों के लिए बड़ी चुनौती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कारण यहां लगातार एक से अधिक बार से भाजपा का ही कब्जा बरकरार है। 30 वार्डों वाली जिले की सबसे बड़ी नगर पालिका परिषद लखीमपुर में डेढ़ लाख से ज्यादा मतदाता हैं। यहां वर्ष 2012 में सपा शासन काल में हुए चुनाव में भाजपा की डॉ. इरा श्रीवास्तव ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की थी। तब उन्होंने बसपा के प्रत्याशी उस वक्त के अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश बाजपेई को हराया था। 

    इसके बाद वर्ष 2017 में हुए चुनाव में भाजपा ने टिकट बदलकर निरुपमा मौनी वाजपेयी को चुनाव मैदान में उतारा। जीत भी भाजपा की ही हुई। निरुपमा मौनी वाजपेयी ने बसपा प्रत्याशी रहीं रमा मोहन बाजपेई को हराया था। इस तरह भाजपा का यहां लगातार दो बार से कब्जा बरकरार है। इस बार भाजपा लखीमपुर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर हैट्रिक बनाने को पूरी ताकत झोंके है। 

    हालांकि, भाजपा की राह में विपक्ष का भी पूरी ताकत से चुनाव लड़ना बड़ी चुनौती बन रहा है। पिछला चुनाव बसपा से लड़ी रमा मोहन बाजपेई इस बार सपा से मैदान में हैं और पार्टी के संगठन व कार्यकर्ताओं के दम पर पूरा जोर लगा रही हैं। 

    भाजपा छाेड़ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहीं डाॅ. इरा अपने पूर्व के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों को आगे रख कर लोगों से समर्थन मांग रही हैं। 25 वार्डों वाली नगर पालिका परिषद मोहम्मदी में 40 हजार से ज्यादा मतदाता हैं। यहां पिछले तीन चुनावों से भाजपा का कब्जा है। 

    वर्ष 2006 में भाजपा के संदीप मेहरोत्रा, 2012 में दुर्गा मेहरोत्रा और 2017 में फिर से संदीप मेहरोत्रा अध्यक्ष चुने गए थे। इस बार भाजपा यहां से चौथी बार जीत दर्ज करने को पूरे दमखम से चुनाव मैदान में है। भाजपा से निवर्तमान अध्यक्ष संदीप मेहरोत्रा ही प्रत्याशी हैं। नगर में कराए गए विकास कार्यों के बल पर लोगों से भाजपा समर्थन मांग रही है, वहीं विपक्षी दल भी विकास को ही मुद्दा बनाए हैं।