किराया पूरा दीजिए, सुविधाएं मत पूछिए
कुशीनगर में पडरौना रोडवेज बस डिपो परिसर में पेयजल का इंतजाम नहीं है यहां से दिल्ली कानपुर सहित अन्य बड़े शहरों को बसें जाती हैं बस स्टेशन परिसर में यात्री सुविधा के नाम पर कुछ भी नहीं है।
कुशीनगर : रोडवेज का पडरौना बस स्टेशन उच्चीकृत तो न हो सका, यात्री सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। इसका अंदाजा बस इस बात से लगाया जा सकता है कि चिलचिलाती धूप में यात्रियों के लिए यहां पेयजल तक की सुविधा नहीं है, अन्य सुविधाओं का तो पता ही नहीं है। परिसर में बदहाली का बसेरा है। मतलब, आप यहां से यात्रा करिए तो किराया पूरा दीजिए, लेकिन सुविधाओं की बात मत पूछिए।
रोडवेज परिसर से प्रतिदिन दिल्ली, कानपुर लखनऊ आदि बड़े शहरों के लिए बसें चलती हैं। लगभग चार हजार से अधिक यात्री प्रतिदिन यहां से चलने वाली 250 बसों की सेवा लेते हैं। सोमवार को रोडवेज परिसर के दोनों प्रवेश द्वार पर यात्री बसों के इंतजार में थे और बगल में गंदगी फैली हुई थी। एक कदम आगे बढ़ते ही परिसर की बदहाली खुद चीखकर बताने लगती है कि यहां सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं है। कर्मचारियों के काउंटर बंद थे। उसके पीछे पेयजल व्यवस्था के लिए लगे इंडिया मार्क हैंड पंप खराब पड़े थे। यात्रियों के लिए बने इज्जत घर में भी गंदगी की भरमार थी। परिसर की इंटरलाकिग धंस गई है और गड्ढा बन गया है। धूप से बचाव के लिए परिसर में यात्री शेड तक नहीं है। यात्रियों को धूप में ही खड़ा होकर बस का इंतजार करना पड़ता है। प्रकाश व्यवस्था की स्थिति यह है कि रात में यहां अंधकार का बसेरा होता है। बरसात में यह परिसर पूरी तरह से जलभराव का शिकार हो जाता है।
सुविधा के नाम पर कुछ नहीं है: वकील
गोरखपुर के लिए बस में सवार वकील अंसारी कहते हैं कि वह पडरौना नगर के निवासी हैं। यहां सुविधा के नाम पर कुछ नहीं है, केवल दुश्वारियां हैं। किराया में कोई कमी नहीं है, लेकिन सुविधा के नाम पर कुछ नहीं है।
मजबूरी में किया जाता है यहां से सफर: नीतू
बस का इंतजार कर रहीं मंसाछापर की नीतू जायसवाल कहती हैं कि सुविधाओं की बात करें तो यहां से यात्रा करना कतई मुनासिब नहीं है। हमारे पास कोई विकल्प नहीं है। यहां पीने के पानी तक की व्यवस्था इस गर्मी में नहीं है।
चल रही रोडवेज परिसर को उच्चीकृत करने की प्रक्रिया: एआरएम
एआरएम बिन्दू प्रसाद ने बताया कि यह सही है कि परिसर में यात्रियों के लिए वर्तमान में पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। रोडवेज परिसर को उच्चीकृत करने की प्रक्रिया चल रही है। शीघ्र ही परिसर का कायाकल्प हो जाएगा। बेहतर यात्री सुविधाएं मिलेंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।