कुशीनगर में किन्नर रूबी ने घुड़दौड़ में लहराया परचम, देशभर में दूसरे स्थान पर रहा 'शेरा'
किन्नर समाज की रूबी नायक के घोड़े शेरा ने महाराष्ट्र में आयोजित राष्ट्रीय घुड़चाल प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त कर कुशीनगर का नाम रोशन किया है। हालांकि, रूबी ने दावा किया कि शेरा ने वास्तव में प्रथम स्थान हासिल किया था, लेकिन आयोजन समिति की ओर से गड़बड़ी की गई।

रहसू जनूबी प्ट्टी में अपने घोड़ा शेरा के साथ खड़ीं (बाएं से तीसरीं) रुबी किन्नर स्वागत करते लोग। जागरण
HighLights
रूबी नायक के घोड़े शेरा ने राष्ट्रीय घुड़दौड़ में द्वितीय स्थान पाया।
शेरा को 1.31 लाख रुपये नकद और चांदी का पदक मिला।
रूबी नायक ने परिणाम में धांधली का आरोप लगाया।
सुधांशु त्रिपाठी, कुशीनगर। सामाजिक रूढ़ियों और सीमाओं से आगे बढ़कर अपनी मेहनत, लगन और हौसले से पहचान बनाने वाली किन्नर समाज की रूबी नायक ने एक बार फिर कुशीनगर का नाम रोशन किया है। फाजिलनगर के रहसू जनूबी पट्टी गांव की रूबी नायक के घोड़े शेरा ने महाराष्ट्र के परभणी में आयोजित देशस्तरीय घुड़चाल प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया।
बुधवार को गांव पहुंचने पर नायक व घोड़े शेरा का ग्रामीणों ने गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया। रूबी की यह उपलब्धि केवल एक प्रतियोगिता में मिली सफलता नहीं, बल्कि अपने जुनून को पहचान देने के संघर्ष की कहानी भी है। किन्नर समाज से जुड़ी रूबी सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं। जरूरतमंदों की मदद के साथ ही घुड़सवारी और घोड़ों के प्रति अपने लगाव को उन्होंने खेल के मैदान तक पहुंचाया है।
महाराष्ट्र के परभणी में एआर स्टड फार्म की ओर से आयोजित देशस्तरीय शाही रेवाल घुड़चाल स्पर्धा में देश के विभिन्न राज्यों से आए घोड़ों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में शेरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। शेरा के सवार दिलखुश थे। दूसरे स्थान पर रहने पर शेरा को एक लाख 31 हजार रुपये नकदी और 300 ग्राम चांदी का पदक प्रदान किया गया। हालांकि, रूबी नायक प्रतियोगिता के परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं।
उनका दावा है कि शेरा ने वास्तव में प्रथम स्थान हासिल किया था, लेकिन आयोजन समिति की ओर से की गई गड़बड़ी के कारण उसे दूसरे स्थान पर घोषित कर दिया गया। उन्होंने इस निर्णय पर नाराजगी जताते हुए प्रतियोगिता के परिणाम पर सवाल उठाए। नायक शेरा के साथ गांव पहुंचीं तो उत्सव जैसा माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें- कुशीनगर के कुश्ती मेले में चमके टुनटुन, गोरखपुर के अनूप को पटका
रामाशीष सिंह के दरवाजे पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ उनका स्वागत किया। फूल-मालाएं पहनाकर रूबी व शेरा का अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि रूबी ने सामाजिक सेवा के साथ खेल के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी उपलब्धि से रहसू जनूबी पट्टी गांव ही नहीं, पूरे कुशीनगर जिले का गौरव बढ़ा है। रामाशीष सिंह, राजेंद्र जायसवाल, पायल किन्नर, खुशबू, काजल, जूही, मधु, प्रियंका, समतोला, रोशनी, पलक, जारीना गुरु, सरोज, रसभरी और सोनी आदि मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।