विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांग्लादेशी पर्यटकों को नहीं मिला वीजा, कुशीनगर में बौद्ध पर्यटन को बड़ा झटका

Published: Sun, 15 Nov 2026 01:47 PM (IST)

वीजा संबंधी अड़चनों के कारण 130 बांग्लादेशी पर्यटकों के कुशीनगर दौरे को स्थगित कर दिया गया है। इससे कुशीनगर के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. 130 बांग्लादेशी पर्यटकों का कुशीनगर दौरा वीजा के कारण टला।

  2. धार्मिक वीजा न मिलने से यात्रा स्थगित, महंगा टूरिस्ट वीजा।

  3. कुशीनगर पर्यटन, स्थानीय कारोबार को आर्थिक नुकसान हुआ।

अजय कुमार शुक्ल, कुशीनगर। भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन को बढ़ावा देने की कोशिशों के बीच वीजा संबंधी अड़चन ने एक बांग्लादेशी समूह की यात्रा रोक दी है। आने वाले 130 पर्यटकों ने 27 नवंबर 2026 को प्रस्तावित अपनी कुशीनगर यात्रा स्थगित कर दी है।

पर्यटकों का यह समूह यहां बिरला धर्मशाला में ठहरने वाला था। वीजा नहीं बन पाने के कारण यात्रा टलने से न केवल कुशीनगर की मेजबानी को झटका लगा है। इससे भारत और बांग्लादेश के बीच धार्मिक पर्यटन से जुड़े कारोबारी संबंधों की चुनौतियां भी सामने आई हैं। भारत ने अगस्त 2024 में बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बाद वीजा सेवाओं को सीमित कर दिया था।

28 जून 2026 से भारतीय पर्यटक वीजा के आवेदन दोबारा स्वीकार किए जाने शुरू हुए। बांग्लादेशी पर्यटकों की यात्रा स्थगित होने का मामला बताता है कि सामान्य वीजा प्रक्रिया बहाल होने के बाद भी यात्रा की योजनाओं को अमलीजामा पहनाने में व्यावहारिक अड़चनें बनी हुई हैं।

भारत के पर्यटन बाजार में बांग्लादेश की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। 2023 में बांग्लादेश से करीब 21.2 लाख तो वहीं 2025 में लगभग महज 4.7 लाख आगंतुक, जिनमें पर्यटक भी शामिल हैं, भारत पहुंचे।

दरअसल, कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन मानचित्र पर महत्वपूर्ण स्थान रखता है। बांग्लादेश सहित बौद्ध बहुल देशों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह केवल दर्शनीय स्थल नहीं, बल्कि भगवान बुद्ध की अंतिम यात्रा और महापरिनिर्वाण से जुड़ा आस्था का केंद्र है। ऐसे समूहों की यात्रा से होटल, धर्मशालाओं, स्थानीय परिवहन, टूर आपरेटरों, गाइड, खानपान और छोटे व्यापारियों तक आर्थिक गतिविधियां पहुंचती हैं।

यह भी पढ़ें- कुशीनगर से दिल्ली, मुंबई और छपरा के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, छठ पूजा का सफर होगा आसान

130 पर्यटकों का एक साथ आना इन सेवाओं के लिए कारोबार का अवसर था। यात्रा स्थगित होने से इससे जुड़ी प्रस्तावित बुकिंग और सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। बांग्लादेश से आने वाले श्रद्धालुओं की नियमित आवाजाही बहाल होने पर दोनों देशों के टूर आपरेटरों, परिवहन एजेंसियों और आतिथ्य कारोबार को लाभ मिल सकता है।

मोबाइल पर हुई बातचीत में उदयन बरुआ, प्रबंध निदेशक शिबली तीर्थ तरंगा, चटगांव (बांग्लादेश) ने बताया कि धार्मिक वीजा न मिलने के कारण यात्रा स्थगित हो गई है। सरकार टूरिस्ट वीजा बनवाने को कह रही है, जो काफी महंगा है। बिरला धर्मशाला के प्रबंधक वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि इससे होटल कारोबार को नुकसान हुआ है। नवंबर में बांग्लादेशी पर्यटकों का दल निरंतर आता रहा है।

यह भी पढ़ें- कुशीनगर में ‎स्टेडियम निर्माण की जगी उम्मीद, खेल मंत्री ने डीएम से मांगा प्रस्ताव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।