कुशीनगर में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या का आरोप, फंदे से लटका मिला शव
कुशीनगर में एक नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। पिता ने पति समेत ससुराल वालों पर दहेज के लिए ...और पढ़ें

करिश्मा की फाइल फोटो। जागरण
संवाद सूत्र, देवपोखर, (कुशीनगर)। नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव घर में फंदे से लटका मिला। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के अवरवा सोफीगंज में शुक्रवार की रात हुई इस घटना को लेकर मृतका के पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
कुबेरस्थान थाना के खुशीपट्टी निवासी कन्हैया लाल मद्देशिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी 21 वर्षीय बेटी करिश्मा की शादी 20 अप्रैल 2025 को अवरवा सोफीगंज निवासी अरविंद पुत्र वीर गुप्ता के साथ की थी। आरोप है कि शादी के करीब एक महीने तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने का ताना देकर करिश्मा को प्रताड़ित करने लगे।
पिता का आरोप है कि पति अरविंद, सास बेबी गुप्ता, जेठानी और देवर आए दिन उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। मायके से दो लाख रुपये और बाइक लाने का दबाव बनाया जाता था। कई बार समझाने के बावजूद ससुराल पक्ष के लोगों के व्यवहार में बदलाव नहीं आया। आरोप है कि विरोध करने पर पिता के साथ भी अभद्रता की जाती थी।
तहरीर के अनुसार, 13 नवंबर की रात करीब 10 बजे उन्हें बेटी के ससुराल से एक व्यक्ति ने फोन कर उसकी मौत की सूचना दी। मौके पर पहुंचे तो करिश्मा का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें- कुशीनगर में स्टेडियम निर्माण की जगी उम्मीद, खेल मंत्री ने डीएम से मांगा प्रस्ताव
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि विवाहिता की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पिता की ओर से दहेज हत्या के आरोप में तहरीर मिली है। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।