कुशीनगर में चोर का यू-टर्न: मोबाइल चोरी के बाद थाने पहुंचकर बोला- अब नहीं करूंगा चोरी
गोरखपुर से मोबाइल चुराने के बाद एक युवक राहुल वर्मा कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया थाने पहुंचा और चोरी स्वीकार करते हुए माफी मांगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गोरखपुर से मोबाइल चुराकर थाने पहुंचा युवक
चोरी स्वीकार कर जेल न भेजने की लगाई गुहार
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की
जागरण संवाददाता, कुशीनगर। अपराध करने के बाद पुलिस से बचने के लिए लोग तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हैं, लेकिन सोमवार को एक युवक का ऐसा यू-टर्न देखने को मिला कि थाने में मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
गोरखपुर से महंगा मोबाइल चोरी करने वाला युवक खुद ही मोबाइल लेकर नेबुआ नौरंगिया थाने पहुंच गया। प्रभारी निरीक्षक के सामने हाथ जोड़कर और कान पकड़कर माफी मांगने लगा। उसकी गुहार थी कि साहब, अब कभी चोरी नहीं करूंगा, बस मुझे जेल मत भेजिए।
यह है पूरा मामला
थाना क्षेत्र के सिसवा गोईती गांव निवासी राहुल वर्मा सोमवार दोपहर चोरी का मोबाइल लेकर थाने पहुंचा। उस समय प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे फरियादियों की समस्याएं सुन रहे थे। युवक ने उनके सामने पहुंचकर स्वीकार किया कि मोबाइल उसने गोरखपुर के एक कस्बे से चोरी किया है।
अब वह अपनी गलती सुधारना चाहता है और मोबाइल उसके असली मालिक को लौटाना चाहता है। युवक कभी हाथ जोड़ता तो कभी कान पकड़कर रोते हुए माफी मांगता रहा। उसने कहा कि उसे अब चोरी नहीं करनी है और वह अपराध की दुनिया से हमेशा के लिए तौबा करना चाहता है।
युवक ने पुलिस से यह भी कहा कि उसने सुना है कि योगी सरकार में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती है। इसलिए वह अब कोई गलत काम नहीं करेगा। उसकी बस इतनी गुजारिश है कि उसे जेल न भेजा जाए। यह देख थाने में मौजूद पुलिसकर्मी और फरियादी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। हालांकि, पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि एक युवक चोरी का मोबाइल लेकर थाने आया है। वह स्वयं को चोरी की घटना में शामिल बता रहा है। मोबाइल के वास्तविक स्वामी और चोरी के स्थान की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।