कुशीनगर में समान अनुपात में उगाए जाएंगे फलदार और सागौन के पौधे, 25 नर्सरियों में तैयार हुई 16.26 लाख से अधिक थैलियां
कुशीनगर में वन विभाग ने अगले वर्ष के लिए 45 लाख से अधिक पौधे उगाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए 25 नर्सरियों में 9x6 इंच की थैलियां तैयार की जा रही हैं, जिनमें फलदार और सागौन के पौधे उगाए जाएंगे।
-1795410759901_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
वन विभाग ने 45 लाख से अधिक पौधे उगाने का लक्ष्य रखा।
फलदार और सागौन के पौधे समान संख्या में उगाए जाएंगे।
कुशीनगर की 25 नर्सरियों में थैलियां तैयार की जा रही हैं।
जागरण संवाददाता, पडरौना। अगले वर्ष रोपे जाने वाले पौधों को लेकर वन विभाग की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। पाैध उगाने के लिए विभाग इन दिनों थैलियां तैयार करने में जुटा है। जिले में इस बार 45 लाख से अधिक थैलियां तैयार किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। थैलियाें के तैयार होते ही विभाग द्वारा बीज रोपित का कार्य शुरू हो जाएगा। इस बार फलदार व सागौन के पौधों की संख्या समान होगी अर्थात दोनों ही बराबर-बराबर उगाए जाएंगे।
शासन द्वारा वर्ष 2027 में जिले के लिए 45 लाख 26 हजार पौधे उगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए वन विभाग ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। नवंबर की शुरूआत से ही नर्सरियों में काम जोर-शोर से चल रहा है। सुबह से शाम तक माली थैली भरान में जुटे हैं। विभाग के अनुसार इस बार लक्ष्य के सापेक्ष 50 प्रतिशत पौधे फलदार (आम, अमरूद, जामुन, शरीफा व आंवला) तथा 50 प्रतिशत पौधे सागौन के उगाए जाएंगे।
इसके अलावा जंगली पौधे (कंजी, अर्जुन, शीशम व गुलेट) भी उगाए जाएंगे। जंगली पौधों को विभाग द्वारा नहर किनारे तथा जंगल क्षेत्रों में रोपित किया जाता है। इसी तरह पांच हजार पौधे कलम के द्वारा भी तैयार किए जाएंगे। कलम विधि से पौधे तैयार करने का कार्य भी शुरू हो गया है।
जिले में कुल 25 नर्सरियां
कुशीनगर में कुल 25 नर्सरियां हैं। सभी नर्सरियों में थैली भरान का कार्य चल रहा है। विभाग का प्रयास है कि दिसंबर तक थैली भरान का कार्य पूरा कर लिया जाए।
नौ-छह इंच की तैयार की जा रहीं थैलियां
वन विभाग निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 16 लाख 26 हजार 600 थैलियां कर चुका है। शेष थैलियां तैयार की जा रहीं हैं। नौ गुणे छह इंच की इन थैलियों में गोबर की खाद, बालू व मिट्टी का प्रयोग होता है।
अगले वर्ष के लिए 45 लाख से अधिक पौधे उगाए जाने का लक्ष्य मिला है। लक्ष्य के सापेक्ष थैलियां तैयार की जा रहीं हैं। निर्धारित समय में इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। निर्धारित लक्ष्य के अलावा जंगली पौधे भी उगाए जाएंगे। -वरुण सिंह,डीएफओ,कुशीनगर