कुशीनगर में फ्लाईओवर की शटरिंग भरभरा कर गिरी, मलबे में दबकर मजदूर घायल
कुशीनगर के हाटा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पिलर की शटरिंग कंक्रीट डालते समय ढह गई, जिससे एक मजदूर घायल हो ...और पढ़ें

हाटा के बाघनाथ चौराहा पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का गिरा शटरिंग। जागरण
HighLights
निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पिलर की शटरिंग अचानक ढही।
कंक्रीट डालते समय हुए हादसे में एक मजदूर घायल।
घटना के बाद सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल उठे।
जागरण संवाददाता, हाटा, कुशीनगर। निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर सुरक्षा इंतजामों की पोल खुल गई। केन यूनियन चौराहे के पास गुरुवार अपराह्न एक पिलर की शटरिंग और सपोर्टिंग का पूरा ढांचा कंक्रीट डालने के दौरान भरभराकर जमीन पर आ गिरा।
इसकी चपेट में आकर काम कर रहा एक मजदूर घायल हो गया, जबकि साथ में काम कर रहे दो अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए। हाटा कोतवाली के समीप हाईवे क्रासिंग पर एनएचएआइ की ओर से फ्लाईओवर के चार पिलरों का निर्माण कराया जा रहा है। गुरुवार को एक पिलर पर शटरिंग के बाद कंक्रीट डालने का काम चल रहा था।
बताया जा रहा कि इसी दौरान सपोर्टिंग ढांचा अचानक ढह गया। हादसे में 25 वर्षीय इरफान निवासी पकड़ी बीरभद्र, थाना रामपुर कारखाना, देवरिया, मलबे की चपेट में आकर घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत सामान्य होने पर चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया। तहसीलदार जया सिंह और नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
यह भी पढ़ें- PM मत्स्य संपदा योजना से कुशीनगर में बढ़ा मछली कारोबार, लेकिन जैविक खेती अब भी बड़ी चुनौती
परियोजना निदेशक अंकित ने बताया कि कंक्रीट डालने के दौरान सपोर्टिंग ढांचा गिरा है। फ्लाईओवर का मुख्य स्ट्रक्चर सुरक्षित है। हादसे ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों और शटरिंग-सपोर्टिंग की मजबूती को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसकी तकनीकी जांच कराई जाएगी।