कुशीनगर में महिला और दो बच्चों को ले जाने के विवाद में पुलिस बूथ पर हंगामा, दरोगा की वर्दी फाड़ी
कुशीनगर के पकड़ियार पुलिस बूथ पर एक महिला और बच्चों को ले जाने के विवाद में हंगामा हुआ। नशे में धुत पिता-पुत्र ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की और दरोगा की वर्दी फाड़ दी, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।
-1795331671699_m.webp)
नशे में धुत पिता-पुत्र ने पुलिसकर्मियों से की अभद्रता, गाली-गलौज। फोटो- वीडियो ग्रैब
HighLights
कुशीनगर पुलिस बूथ पर महिला विवाद में हंगामा हुआ।
नशे में धुत पिता-पुत्र ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की।
दरोगा की वर्दी फाड़ी, बाद में दोनों हिरासत में।
जागरण संवाददाता, कुशीनगर। महिला और उसके दो बच्चों को अपने साथ ले जाने के विवाद में रविवार को पकड़ियार पुलिस बूथ पर जमकर हंगामा हुआ। शिकायत के बाद पुलिस बूथ पहुंचे आरोपित युवक ने अपने पिता के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों से अभद्रता की। आरोप है कि दोनों ने नशे की हालत में दरोगा की वर्दी फाड़ दी। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस बल के साथ दोनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
कलवारी पट्टी गांव निवासी युवती की शादी रामकोला थाना के भटवलिया गांव निवासी युवक से हुई है। उसके दो बच्चे हैं। पति के बाहर रहने और आपसी विवाद के चलते युवती इन दिनों मायके में रह रही है। आरोप है कि रविवार सुबह विजयपुर ठकुराई टोला निवासी सिगासन वहां पहुंचा और महिला व उसके दोनों बच्चों को अपने साथ ले जाने लगा। इसको लेकर विवाद की स्थिति बन गई।
मामले की शिकायत लेकर महिला की बहन पकड़ियार पुलिस बूथ पहुंची। पुलिसकर्मी मामले की जानकारी लेकर मौके पर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी आरोपित सिगासन अपने पिता जगदीश प्रसाद के साथ बूथ पर पहुंच गया। आरोप है कि नशे की हालत में पिता-पुत्र पुलिसकर्मियों से उलझ गए। इस दौरान गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए दरोगा विरेन्द्र यादव की वर्दी फाड़ दी।
बूथ पर हंगामे की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे पुलिस टीम के साथ पहुंचे और दोनों को थाने ले गए। इस बीच घटना का किसी ने 46 सेकेंड का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो में पुलिस बूथ पर हुए हंगामे की चर्चा क्षेत्र में बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर-शामली ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे: बरेली के 68 गांवों की जमीन का सर्वे तेज, जल्द शुरू होगा अधिग्रहण
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पिता-पुत्र नशे की हालत में थे और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करते हुए उलझ गए थे। दोनों को थाने लाकर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- 11.35 करोड़ की लागत से चार नई सड़कों और गेस्ट हाउस से संवरेगा कुशीनगर, 50 हजार की आबादी को मिलेगी राहत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।