विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुशीनगर में मिला पहला HIV-2 संक्रमित व्यक्ति, बेंगलुरु से वापस गांव लौटने पर हुई थी जांच, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

Published: Sun, 15 Nov 2026 01:32 PM (IST)

कुशीनगर जिले में पहली बार एचआईवी-2 से संक्रमित 65 वर्षीय व्यक्ति मिला है, जो पहले बेंगलुरु में रहता था। पुष्टि ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

जागरण संवाददाता, पडरौना। बेंगलुरू में रह रहे तमकुहीराज तहसील के एक गांव का 65 वर्षीय व्यक्ति एचआईवी-2 से संक्रमित मिला है। जनपद में पहली बार इस प्रकार के मरीज के मिलने को लेकर विभाग के भी कान खड़े हो गए तो पुष्टि के लिए रक्त के नमूने को दोबारा जांच के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, वहां भी इसकी पुष्टि होने के बाद अब उपचार शुरू कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, एचआईवी-2 वायरस, एचआईवी-1 की तुलना में कम खतरनाक होता है, हालांकि, दोनों के संक्रमण का तरीका एक ही है।

मेडिकल कॉलेज के आईसीटीसी में 12 अक्टूबर को जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद नमूना पुष्टि के लिए गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एसआरएल माइक्रोबायोलाजी विभाग भेजा गया था। एक माह बाद 12 नवंबर को वहां से आई रिपोर्ट में भी एचआईवी-2 की पुष्टि हुई है।

यह है पूरा मामला

संक्रमित वृद्ध पहले बेंगलुरु में रहता था। वहां रहने के दौरान वह किसके संपर्क में आया और संक्रमण की चपेट में कैसे आया, इसकी पूरी जानकारी के लिए काउंसलिंग शुरू कर दी गई है। एचआईवी यानी ह्यूमन इम्यूनोडेफिशिएंसी वायरस मुख्य रूप से दो प्रकार का होता है।

एचआईवी-1 और एचआईवी-2। इनमें एचआईवी-1 संक्रमण का सबसे आम प्रकार है, जबकि एचआईवी-2 में अपेक्षाकृत कम संक्रमण मिलते हैं। दोनों वायरस शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को प्रभावित करते हैं। ये मुख्य रूप से सीडी-4 कोशिकाओं पर हमला करते हैं, जो शरीर को संक्रमण से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

हालांकि, एचआईवी-2 में संक्रमण की प्रगति सामान्यतः एचआईवी-1 की तुलना में धीमी होती है। संक्रमित व्यक्ति लंबे समय तक बिना किसी स्पष्ट लक्षण के रह सकता है, लेकिन समय पर उपचार नहीं मिलने पर एचआईवी-2 भी प्रतिरोधक क्षमता को गंभीर रूप से कमजोर कर सकता है और एड्स की स्थिति पैदा कर सकता है।

प्रारंभिक जांच में ही एचआईवी-2 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, चूंकि जिले का यह पहला मामला संज्ञान में आया था। इसलिए दोबारा जांच के लिए नमूना बीआरडी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया था। वहां से अभी 12 नवंबर को ही रिपोर्ट आई है। संक्रमित की अब काउंसलिंग कराई जाएगी। यहां एचआईवी-2 के उपचार के लिए भी सभी जरूरी दवाएं उपलब्ध हैं।

-डाॅ. केपी गोंड, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज, कुशीनगर

एचआईवी के संक्रमण के मुख्य कारण

संक्रमित व्यक्ति के साथ बिना सुरक्षा के यौन संबंध बनाने, संक्रमित खून चढ़ने, संक्रमित सुई या सिरिंज साझा करने तथा असुरक्षित चिकित्सकीय उपकरणों का इस्तेमाल, संक्रमित मां से गर्भावस्था, प्रसव या स्तनपान के दौरान बच्चे में भी वायरस पहुंच सकता है। हालांकि, एचआईवी-2 में मां से बच्चे में संक्रमण पहुंचने की संभावना एचआईवी-1 की अपेक्षा कम होती है।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में डेंगू के 31 और मलेरिया के 21 मिलने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क, स्कूलों में फुल बाजू की ड्रेस अनिवार्य

यह भी पढ़ें- देहरादून में स्वाइन फ्लू और डेंगू का बढ़ता प्रकोप, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।