देहरादून में स्वाइन फ्लू और डेंगू का बढ़ता प्रकोप, स्वास्थ्य विभाग सतर्क
देहरादून में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) के 31 नए मामले सामने आए हैं, जिससे सक्रिय मरीजों की संख्या 84 हो गई ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। जिले में स्वाइन फ्लू (एच1 एन1) का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। रविवार को 83 सैंपल की जांच में 31 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। 23 संक्रमित देहरादून और आठ अन्य जिलों के हैं।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक 1293 सैंपल की जांच हो चुकी है, जिनमें 484 मरीज संक्रमित मिले हैं। इनमें 398 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 84 मरीज सक्रिय हैं। संक्रमित मरीजों में 227 महिलाएं और 257 पुरुष हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को सतर्क रहने और जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया है। इसके लिए अस्पतालें में अलग से डेंगू वार्ड भी तैयार किए गए हैं।
देहरादून में डेंगू के दो नए मरीज, आंकड़ा 162 पहुंचा
जिले में एलाइजा जांच में डेंगू के दो नए मामले मिले। डेंगू के कुल संक्रमितों की संख्या 162 पहुंच गई है। रिपोर्ट के अनुसार अब तक 29,092 सैंपल की जांच में 162 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें 140 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 22 मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।
डेंगू की रोकथाम के लिए आशा और स्वयंसेवकों की ओर से घर-घर सर्वे भी जारी है। अब तक आशा और स्वयंसेवकों ने मिलकर 9,46,202 घरों का सर्वे किया है और 59,38,155 कंटेनर जांचे हैं। इनमें 22,286 कंटेनर में मच्छरों के लार्वा पाए गए।
