गाजियाबाद में डेंगू के 31 और मलेरिया के 21 मिलने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क, स्कूलों में फुल बाजू की ड्रेस अनिवार्य
गाजियाबाद में वर्षा के बाद डेंगू और मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। ...और पढ़ें

गाजियाबाद के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि स्कूलों में आने वाले छात्रों को फुल बाजू की ड्रेस पहननी होगी।
HighLights
स्वास्थ्य विभाग ने वर्षा के बाद संचारी रोगों पर कमर कसी।
स्कूलों में छात्रों के लिए फुल बाजू की ड्रेस अनिवार्य की गई।
डेंगू-मलेरिया रोकथाम हेतु साफ-सफाई और फाॅगिंग के निर्देश।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। वर्षा के बाद मौसम में हुए बदलाव के साथ ही संचारी रोगों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया रोकथाम को लेकर सोमवार को सीएमओ के निर्देश पर जिला मलेरिया अधिकारी जीके मिश्रा की ओर से एडवायजरी जारी कर दी है।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि स्कूलों में आने वाले छात्रों को फुल बाजू की ड्रेस पहननी होगी। साफ सफाई का विशेष ध्यान रखना होगा। खासकर डेंगू मच्छर का लारवा न मिले इसके लिए नियमित तौर पर कूलर, एसी और गमले की सफाई करनी होगी।
इसके साथ ही जिन होटलों में स्विमिंग पूल है उनको भी निर्देश दिए गए हैं कि उनकी नियमित सफाई की जाए। आवासीय सोसायटियों में संचालित स्विमिंग पूल की नियमित सफाई के निर्देश दिये गये हैं। एक अक्टूबर से संचारी नियंत्रण रोग अभियान शुरू करने को लेकर सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम करने की योजना बनाई जा रही है।
जिले में वर्तमान में डेंगू के 31 और मलेरिया के 21 केस हैं। हर रविवार मच्छर पर वार अभियान को तेज करने के निर्देश दिये गये हैं। सरकारी स्कूलों में जांच के बाद फाॅगिंग कराई जायेगी। स्कूलों में संचारी रोगों को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जायेगा।
