ब्रजेश पाठक बोले- सपा का सत्ता में लौटने का दूर-दूर तक नामो-निशान नहीं; कहा- इस वजह से हारी थी SP
डिप्टी सीएम ने कहा नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। इसका प्रमुख कारण सरकार की ओर से गरीबों के लिए संचालित की जा रहीं कल्याणकारी नीतियां हैं। इससे भाजपा के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है। देश में भाजपा के पक्ष में इकतरफा हवा चल रही है। हर गांव नगर के गली-मोहल्लों में डबल इंजन की सरकार की चर्चा होती है।

जागरण संवाददाता, कसया: UP Politics उत्तर प्रदेश की जनता अराजकता व गुंडई बर्दाश्त नहीं करती है। यही कारण है कि समाजवादी पार्टी सत्ता से दूर हो गई। स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि सपा के सत्ता में लौटने का दूर-दूर तक नामोनिशान नहीं दिखाई दे रहा है। सपा का आमजन के हितों से कोई लेनादेना नहीं रहता, वह केवल गुंडों व बदमाशों को पल्लवित करती है।
उक्त बातें प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कही। वह रविवार की शाम कुशीनगर के रायल रेजीडेंसी होटल में पंचायत प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र को संबोधित करने के बाद पत्रकार वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ केंद्र में भाजपा की सरकार बनेगी।
नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। इसका प्रमुख कारण सरकार की ओर से गरीबों के लिए संचालित की जा रहीं कल्याणकारी नीतियां हैं। इससे भाजपा के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है। देश में भाजपा के पक्ष में इकतरफा हवा चल रही है। हर गांव, नगर के गली-मोहल्लों में डबल इंजन की सरकार की चर्चा होती है।
पंचायत प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण के औचित्य के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि इसका उद्देश्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को जनता के बीच और प्रभावशाली तरीके से लागू करना है। एयरपोर्ट पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, सांसद विजय दूबे, जिलाधिकारी रमेश रंजन, एसपी धवल जायसवाल ने डिप्टी सीएम का स्वागत व अगवानी की। पुलिस के जवानों ने गार्ड आफ आनर दिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।