2027 से पहले यूपी में बिहार की एंट्री, कुशीनगर के रास्ते सियासी बिसात बिछाने की तैयारी
बिहार की प्रमुख राजनीतिक पार्टियां जैसे जदयू, लोजपा (रामविलास) और वीआईपी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रही हैं, जिसमें कुशीनगर एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार बन रहा है। ये दल 2027 के यूपी विधानसभा चुनावों के लिए अपनी सामाजिक आधार को मजबूत करने और संगठन का विस्तार करने में जुटे हैं, जिससे क्षेत्रीय दलों में प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
बिहार की पार्टियां यूपी में 2027 चुनाव की तैयारी में।
कुशीनगर बिहार से सटे होने के कारण राजनीतिक प्रवेश द्वार।
जदयू, लोजपा, वीआईपी यूपी में सामाजिक आधार बढ़ा रहे।
अजय कुमार शुक्ल, कुशीनगर। यूपी में विधानसभा चुनाव की तैयारी चल रही है तो बिहार में सियासी गणित का जोड़ घटाना। मकसद है, उत्तर प्रदेश में राजनीतिक जमीन की तलाश। इसलिए बिहार की सियासत का असर अब उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में भी दिखाई देने लगा है। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद वहां सक्रिय राजनीतिक दलों ने यूपी के 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) अपने-अपने सामाजिक आधार को विस्तार देने में जुटी हैं। बिहार के पश्चिम चंपारण के बगहा क्षेत्र से लेकर गोपालगंज तक फैली सीमा के सामने स्थित कुशीनगर इस राजनीतिक विस्तार का द्वार बन रहा है।
कुशीनगर की पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी सीमा बिहार से लगती है। बिहार के पश्चिम चंपारण और गोपालगंज से जुड़ाव इसे पूर्वांचल की राजनीति में विशेष भौगोलिक स्थिति देता है। जदयू ने यूपी चुनाव में उतरने की तैयारी सार्वजनिक कर दी है। जुलाई में लखनऊ में हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में संगठन विस्तार और विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई।
इसके बाद सितंबर में पार्टी ने पूर्वांचल की सीटों पर विशेष ध्यान देने की बात कही। बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार सार्वजनिक कर चुके हैं कि प्रदेश के 11 मंडलों में बैठकें हो चुकी हैं। पार्टी बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती के आधार पर सीटों का चयन करना चाहती है।
जदयू कुर्मी, कोइरी-कुशवाहा और भूमिहार मतदाताओं को सामाजिक आधार के रूप में देख रहा है। बीते एक नवंबर को वाराणसी में आयोजित जदयू के राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का संदेश दिया था।
कुशीनगर में जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह गहरवार का दावा है कि जिले में एक लाख सदस्य बनाने के लक्ष्य के मुकाबले लगभग 50 हजार सदस्य बन चुके हैं। यह पार्टी का संगठनात्मक दावा है। जदयू के साथ ही चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी पूर्वांचल में विस्तार की प्रक्रिया शुरू की है। पांच नवंबर से वाराणसी में नव संकल्प महासभा के जरिए संगठन की जमीनी ताकत का आकलन शुरू करना इसका सुबूत है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में दलित मतदाताओं, विशेषकर पासी और पासवान समाज के बीच आधार बढ़ाने की रणनीति है। बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव में 29 सीटों पर लड़कर 19 जीतने के बाद वह यूपी में भी संगठन का विस्तार चाहती है। दूसरी ओर बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) निषाद समाज को केंद्र में रखकर अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रही है।
पार्टी की निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा दो माह से अधिक समय से उत्तर प्रदेश में चल रही है। वीआइपी का दावा है कि 50 से अधिक जिलों में कार्यक्रम किए जा चुके हैं। पार्टी निषाद समुदाय को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग उठा रही है। सहनी ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के साथ चुनाव लड़ेगी।
बिहार के इन दलों की सक्रियता ने उत्तर प्रदेश में पहले से मौजूद क्षेत्रीय सहयोगियों के बीच भी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा बढ़ाई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर द्वारा बीते पांच नवंबर को जदयू और लोजपा (रामविलास) के यूपी में विस्तार पर आपत्ति जताना इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बिहार में सुभासपा को एनडीए में जगह नहीं मिली, इसलिए यूपी में बिहार के दलों के विस्तार का विरोध किया जाएगा। वहीं निषाद पार्टी और वीआइपी के बीच निषाद समाज के प्रतिनिधित्व तथा आरक्षण के मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिस्पर्धा जगजाहिर है।
यह भी पढ़ें- खेत जोतने का झंझट खत्म... जीरो टिल सुपर सीडर से कम लागत में पाएं बंपर गेहूं उत्पादन
पुराने चुनावी आंकड़े भी अहम
बिहार के दलों की मौजूदा सक्रियता के बीच उनके पुराने चुनावी प्रदर्शन को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जदयू ने 26 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, यह और बात है कि एक भी सीट नहीं जीत सकी थी। उसका कुल मत प्रतिशत 0.11 रहा था। कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी को 354 और तमकुहीराज में 597 मत मिले थे। वीआइपी ने 53 सीटों पर चुनाव लड़ा था, उसे भी सफलता नहीं मिली थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।