Kaushambi News : 10वीं की छात्रा की शौचालय में लटकती मिली लाश, बीमारी से परेशान थी
कौशांबी के कोखराज इलाके में 16 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या कर लिया। बताया जाता है कि बीमारी से तंग आकर वह घर के शोचालय में फंदा लगाकर झूल गई। घटना के समय घर में वह अकेली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

संसू, जागरण, टेढ़ीमोड़ (कौशांबी)। बीमारी ने उसे इतना परेशान कर दिया कि आत्मघाती कदम उठा लिया। यह मामला कौशांबी जनपद के कोखराज इलाके का है। यहां एक छात्रा ने शनिवार शाम घर के अंदर बने शौचालय में फंदे से लटककर जान दे दी।
बताया जाता है कि घटना के वक्त छात्रा घर पर अकेली थी। शाम को खेत से घर लौटी छात्रा की मां को उसके आत्महत्या करने की जानकारी हुई तो वह बदहवाश हो गई। आसपास के लोग भी जुटे। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।
कोखराज क्षेत्र के बम्हरौली गांव निवासी रामबली मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। शनिवार की शाम करीब चार बजे उसकी पत्नी प्रियंका देवी खेतों की ओर थी। छोटा बेटा दीपांशु घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान दोपहर को स्कूल से लौटकर आई 16 वर्षीय बेटी श्वेता घर पर अकेली थी।
श्वेता स्थानीय एक स्कूल में हाईस्कूल की छात्रा थी। खेलकर घर पहुंचा भाई दीपांशु स्वेता को खोजते हुए छत पर गया तो वहां बने शौचालय में उसका शव फंदे पर लटक रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही मां बदहवाश हालत में घर पहुंची। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्रा की मां का कहना है कि बेटी काफी दिनों से बीमार रहती थी। इस वजह से उसने फंदे से लटक कर जान दे दी।
दूसरी घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के बक्सी पार गांव में शनिवार सुबह हुई। बक्सीपार गांव निवासी एक युवक का शव घर में संदिग्ध दशा में फंदे से लटकता मिला। घटना का कारण परिवार के लोग नहीं बता पाए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया।
बक्सी पार निवासी 38 वर्षीय संतोष कुमार पुत्र कामता प्रसाद किसानी करता था। वह अपने-माता पिता की इकलौती संतान थी। संतोष के पांच बच्चे हैं। पत्नी संगीता देवी ने बताया कि शुक्रवार की रात वह खाने के बाद अपने कमरे में जाकर सो गया।
सुबह काफी देर तक नहीं उठा तो कमरे में जाकर देखा गया। वहां उसका शव रस्सी के सहारे चुल्ले पर फंदे से झूल रहा था। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि स्वजन की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।