महिला ने 20 साल छोटे प्रेमी से संबंध बनाने से किया इनकार, शख्स ने उतार दिया मौत के घाट
कौशांबी के सरायअकिल में एक विवाहित प्रेमी ने शारीरिक संबंध बनाने से मना करने पर एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने 24 घंटे में मामले का खुलासा करते हुए आरोपी दिनेश कुमार सेन को गिरफ्तार कर लिया। दिनेश और महिला के बीच प्रेम संबंध था लेकिन जब महिला ने संबंध बनाने से इनकार किया तो उसने गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

जागरण संवाददाता, कौशांबी। सरायअकिल क्षेत्र के एक गांव में रविवार शाम घर के अंदर बुजुर्ग महिला की हत्या का राजफाश पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कर दिया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से महिला के एक करीबी को उठाया तो उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। महिला से उम्र में 20 वर्ष छोटे आरोपी ने बताया कि उसका महिला से प्रेम संबंध था। अक्सर उन लोगों के बीच शारीरिक संबंध बनता था। घटना वाली रात भी महिला से फोन पर बात कहकर वह उसके घर पहुंचा, लेकिन मृतका ने बीमार होने की बात कहकर संबंध बनाने से इनकार कर दिया था। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर महिला का नाली में फेंका गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
पुलिस ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान एएसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि रविवार रात सूचना मिली कि सरायअकिल क्षेत्र के एक गांव में अकेली रहने वाली 65 वर्षीय महिला के घर से दुर्गंध आ रही है। मौके पर पुलिस पहुंची तो देखा कि घर के अंदर महिला का शव चारपाई पर पड़ा था। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। गला भी गमछे से कसा गया था। प्रथम दृष्टया हत्या की बात सामने आई। मृतका के भाई की तहरीर पर अज्ञात हत्यारोपित के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
एसपी राजेश कुमार ने राजफाश के लिए सरायअकिल इंस्पेक्टर सुनील सिंह के अलावा सर्विलांस सेल की जिम्मेदारी दी। पुलिस को सर्विलांस की मदद से पता चला कि महिला की 23 मई की रात तक गांव के दिनेश कुमार सेन उर्फ गुड्डू पुत्र सरजू प्रसाद सेन से फोन पर बात हुई थी। महिला से उम्र में 20 वर्ष छोटे दिनेश कुमार सेन से बात होने के बाद फोन स्विच ऑफ हो गया। महिला के नीचे पहने कपड़े की हालत व मौके से पुलिस की जांच आशनाई की तरफ बढ़ी तो सच सामने आया।
आरोपित दिनेश को पुलिस ने मंगलवार सुबह बसुहार मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। दिनेश ने बताया कि महिला का शादी के छह-सात साल बाद ही पति अलगाव हो गया था। पति मध्य प्रदेश में दूसरी शादी करके रहने लगा। गांव में महिला अकेले रहती थी। वह महिला के घर दूध पहुंचाने जाता था। इसके अलावा वह छोटे-मोटे काम में हाथ बंटाने लगा। शादीशुदा दिनेश ने बताया कि करीब तीन साल से महिला व उसके बीच प्रेम संबंध थे। दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी कई बार बने।
23 मई को उसकी महिला से फोन पर रात करीब 10:15 बजे बात हुई। वह महिला के घर पहुंचा व संबंध बनाने की जिद करने लगा। महिला ने खुद को बीमार बताया तो उसने जबरदस्ती करने की कोशिश की। इसके बाद भी महिला नहीं मानी तो उसने गमछे से गला कसकर मार डाला। आरोपित के खिलाफ लिखापढ़ी कर चालान न्यायालय भेजा गया, जहां से उसे कोर्ट ने जेल भेज दिया। घटना में प्रयुक्त महिला व आरोपित का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।