UP Flood: बाढ़-वर्षा में जिनके गिर गए मकान, उन्हें सरकार देगी आवास; इस सरकारी योजना का मिलेगा लाभ
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कौशांबी में बाढ़ राहत और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने और फसल क्षति का मुआवजा देने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल कैंप लगाने और विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मर बदलने के लिए कहा गया। युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

जागरण संवाददाता, कौशांबी। मां शीतला देवी अतिथिगृह, सयारा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिले में बाढ़ की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। कहा कि बाढ़ व वर्षा के कारण जिन लोगों के मकान गिर गए हैं, उन सभी लोगों को मुख्यमंत्री आवास योजना की सुविधा से लाभांवित किया जाए।
कहा कि स्वास्थ्य विभाग अलर्ट रहते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप लगाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करे, जिससे बीमारियां न फैले, इसकी रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करा लिया जाए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की जाए। बाढ़ का पानी घटने के बाद फसल क्षति का सर्वे कराकर शीघ्र ही संबंधित किसानों को उनकी फसल की क्षति का मुआवजा उपलब्ध करा दिया जाए। अधीक्षण अभियंता, विद्युत से कहा कि मां शीतला धाम में खराब ट्रांसफार्मर को आज ही बदलवा दिया जाए।
कहा कि जिले के नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों एवं महत्वपूर्ण स्थानों के लिए स्टाक में ट्रांसफार्मर रखा जाए, ताकि खराब होने पर तत्काल ट्रांसफार्मर बदला जा सके। विद्युत फाल्ट की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल ठीक कराकर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए।
ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि पर भी विशेष ध्यान देते हुए प्रस्ताव बनाकर शासन को प्रेषित कर दिया जाए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अजुहा में फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों का सर्वे कर उन्हें अन्य विभिन्न योजनाओं से भी लाभांवित किया जाए। कहा कि वर्षा का जल अमृत सरोवरों व तालाबों में जा रहा है या नहीं, इसे देख लिया जाए और आवश्यक कार्रवाई करा ली जाए। वृहद पौधारोपण के तहत रोपित किए गए पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए।
समूह की महिलाओं को उद्यम के लिए उपलब्ध कराई जाएं आवश्यक सुविधाएं
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में गठित स्वयं सहायता समूहों की समीक्षा कर समूह के सुचारू रूप से संचालन को सुनिश्चित कराया जाए। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं को उद्यम करने के लिए उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
पुलिस अधीक्षक से कहा कि आगामी त्योहार के मद्देनजर जिले में आपराधिक घटनाएं न होने पाएं, आवश्यक कार्रवाई पूर्व में ही सुनिश्चित कर ली जाएं। आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कहा कि सरकार ने किसानों के नलकूपों के बिजली बिलों को माफ कर दिया है। नलकूप किसानों से अपील है कि वह अन्य छोटे किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए उनसे कम दर पर पैसा लें।
युवाओं को स्वरोजगार के लिए उपलब्ध कराया जाए ऋण
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के युवाओं को अपना स्वयं का स्वरोजगार करने के लिए विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऋण उपलब्ध कराया जाए। जनपद में विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि विकास परियोजनाओं का कार्य समयबद्ध पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने जल-जीवन मिशन के अंतर्गत कराए जा रहें कार्यों का सत्यापन कराने एवं प्राप्त हो रही समस्याओं व शिकायतों का समाधान कराने के भी निर्देश दिए। कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है, किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
केला और अमरूद को जिले में दिया जाए और बढ़ावा
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि इंक्यूबेशन सेंटर का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। वर्तमान में डेयरी लाइन की स्थापना हो चुकी है। उप मुख्यमंत्री ने आगामी एक सप्ताह में इसे संचालित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी को जिले में अमरूद एवं केला के फसल को और बढ़ावा दिए जाने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।