सड़क हादसे में छात्र की मौत पर बवाल, प्रयागराज-कौशांबी मार्ग जाम किया; पांच घंटे घटनास्थल पर पड़ा रहा शव
कौशांबी में एक छात्र की सड़क हादसे में मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित भीड़ ने प्रयागराज-कौशांबी मार्ग को जाम कर दिया और पांच घंटे तक शव घटनास्थल पर पड़ा रहा।

छात्र की मौत पर प्रयागराज-कौशांबी मार्ग को जाम करते लोग। जागरण
HighLights
एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में पिकअप वाहन ने परीक्षा देने जा रहे बाइक सवार बीए के छात्रा को रौंदा
नाराज लोगों ने हादसे को अंजाम देने वाले वाहन को बरामद करने की मांग की, पुलिस समझा रही
संसू, जागरण, चायल (कौशांबी)। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के गांजा और गौसपुर कटहुला गांव के बीच ससुर खदेरी नदी पर बने पुल पर शनिवार सुबह हादसा हुआ। बाइक से परीक्षा देने जा रहे छात्र को एक पिकअप वाहन ने टक्कर मार दिया। हादसे में छात्र की मौत हो गई। आक्रोशित छात्र के घरवाले और ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगाया। हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की बरामदगी पर अड़े रहे। इससे पांच घंटे शव घटनास्थल पर पड़ा रहा। इसके बाद लोगों ने मोहनी चौराहा पर शव रखकर प्रयागराज-कौशांबी मार्ग पर भी जाम लगाया।
25 वर्षीय निखिल बाइक से बीए की परीक्षा देने जा रहा था
एयरपोर्ट क्षेत्र के गांजा गांव निवासी 25 वर्षीय निखिल सिंह पुत्र मानसिंह इलाके के कादिलपुर स्थित बीबीएस डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। इन दिनों परीक्षा हो रही है। सेंटर गौसपुर कटहुला गांव स्थित केपी कॉलेज में सेंटर पड़ा था। शनिवार सुबह करीब सात बजे निखिल बाइक से परीक्षा देने जा रहा था। कुछ देर बाद लोगों ने घरवालों को निखिल के लहूलुहान हालत में पड़े होने की सूचना दी।

घटनास्थल पर व प्रयागराज-कौशांबी मार्ग पर लगाया जाम
वहां पहुंचे निखिल के घरवाले और ग्रामीण हादसे को अंजाम देने वाले वाहन को बरामद करने को लेकर हंगामा करने लगे। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेने का प्रयास किया लेकिन आक्रोशित लोगों ने शव देने से मना कर दिया। इस बीच पांच घंटे शव घटनास्थल पर पड़ा रहा। करीब एक बजे परिवार के लोग शव लेकर एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के समीप मोहनी चौराहा पहुंचे। वहां शव सड़क पर रख कर प्रयागराज-कौशांबी मार्ग जाम कर दिया। पुलिस आक्राेशित लोगों को समझाने का प्रयास करती रही।