Kaushambi News : सरेराह छात्रा का हाथ पकड़ कर बोला- तुमसे शादी करुंगा, 8 माह से शोहदा कर रहा परेशान, केस दर्ज
कौशांबी के सरायअकिल इलाके में एक 14 वर्षीय छात्रा के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक पिछले आठ महीने से स्कूल आते-जाते समय उसे परेशान कर रहा था। 30 अगस्त को उसने छात्रा का हाथ पकड़कर शादी का प्रस्ताव भी दिया। छात्रा की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जागरण संवाददाता, कौशांबी। मिशन शक्ति के तहत पुलिस महकमा अभियान चलाकर छात्राओं व महिलाओं को निर्भीक व निडर होकर जीने की सीख दे रहा है। वहीं सरायअकिल इलाके की एक छात्रा के अंदर समाए डर ने उसके जीवन पर संकट पैदा कर दिया है।
आठ महीने से रोजाना स्कूल आते-जाते वक्त छेड़खानी की शिकार हो रही छात्रा के अंदर समाए डर का नतीजा रहा कि मनबढ़ युवक ने सरेराह उसका हाथ पकड़कर बोला, मेरे साथ चल तुमसे शादी करूंगा। छात्रा के मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सरायअकिल इलाके के एक गांव में रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी आठवीं क्लास की छात्रा है। 30 अगस्त को बेटी घर से स्कूल से घर लौट रही थी तभी रास्ते में दोपहर करीब दो बजे पिपरी क्षेत्र के सेवढ़ा गांव का पीयूष हेला पुत्र सुरेश मिला।
आरोप है कि पीयूष ने बेटी का जबरन हाथ पकड़ लिया। सबके सामने वह बेटी का हाथ पकड़ कर घसीटते हुए शादी करने की बात कही। उसके शोर मचाने पर जब लोग दौड़े तो आरोपित भाग गया। छात्रा ने घर आकर आपबीती सुनाई।
छात्रा ने बताया कि करीब आठ महीने से पीयूष उसके पीछे पड़ा है। स्कूल जाने व आने के दौरान रास्ते में वह छेड़खानी करता था। डर की वजह से उसने न तो विरोध करने की हिम्मत दिखाई व न ही स्वजन से कुछ बताया। पानी सिर के ऊपर से गुजरने के कारण उसने घटना के बाबत मां को बताया। थाना प्रभारी आशुतोष सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।