विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौशांबी मेडिकल कॉलेज में तीन नवजात की कैसे हुई मौत? आक्रोशित घरवालों ने किया हंगामा, लापरवाही का आरोप

By Adarsh Kumar Srivastava Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 27 Nov 2026 07:33 PM (IST)

कौशांबी मेडिकल कॉलेज के एमसीएच विंग में तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई, जिससे घरवालों ने स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। प्राचार्य के अनुसार, दो नवजात मृत पैदा हुए थे, जबकि एक की सांस लेने में परेशानी से मौत हुई। 

कौशांबी मेडिकल कॉलेज में नवजात की मौत पर हंगामा करते लोगों को समझाता स्टॉफ। सौ. इंटरनेट मीडिया

कौशांबी मेडिकल कॉलेज में नवजात की मौत पर हंगामा करते लोगों को समझाता स्टॉफ। सौ. इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. एमसीएच विंग में प्रसव के बाद तीन बच्चों ने तोड़ा दम

  2. स्वास्थ्यकर्मियों पर लगाया गया लापरवाही का आरोप

  3. दो नवजात की प्रसव से पूर्व ही मौत हो चुकी थी : प्राचार्य

जागरण संवाददाता, कौशांबी। मेडिकल कॉलेज के एमसीएच विंग में गुरुवार रात प्रसव के बाद तीन नवजात बच्चों की मौत का आरोप लगा। एक साथ तीन नवजात की मौत से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित घरवालों ने स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। घरवालों ने शिकायत मंझनपुर कोतवाली में भी की है।

गुरुवार शाम करीब पांच बजे सरायअकिल थाना क्षेत्र के भगवानपुर बहुगरा गांव निवासी सोनम मौर्य पत्नी सुरेश कुमार को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज के प्रसव कक्ष में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने प्रसव कराया। इस दौरान उन्होंने बेटी को जन्म दिया। कुछ देर बाद अचानक नवजात की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

इससे आक्रोशित नवजात के परिवार के सदस्यों ने स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि नवजात को एनआईसीयू में रखने के बजाय दूसरे बच्चे को वहां रखा गया, जिससे उसकी जान चली गई। इसके बाद रात करीब 7:40 बजे भेलखा गांव निवासी राजरानी देवी पत्नी दिलीप कुमार का प्रसव कराया गया। उन्होंने मृत बेटी को जन्म दिया। रात करीब 10:20 बजे सरसवां क्षेत्र के एलई उर्फ बक्शीपर गांव निवासी मधु देवी पत्नी अमित कुमार का प्रसव हुआ। उनके यहां भी मृत बेटे का जन्म हुआ।

तीन नवजात की मौत के बाद घरवालों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हरिओम सिंह ने बताया कि तीन में से दो नवजात की प्रसव से पहले ही मौत हो चुकी थी। वहीं, एक नवजात की सांस लेने में परेशानी के कारण मौत हुई। उनके अनुसार, नवजात के साथ आई आशा कार्यकर्ता ने कपड़े से उसका मुंह ढंक दिया था, जिससे उसे सांस लेने में दिक्कत हुई। वहीं मंझनपुर कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में नवजात की मौत के मामले में अभी तक किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।

यह भी पढ़ें- UP PCS 2026 : प्रदेश के 1978 केंद्रों पर 6 दिसंबर को होगी पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा, एक दिसंबर से प्रवेशपत्र करें डाउनलोड

यह भी पढ़ें- UPPCS प्री परीक्षा 2025 परिणाम रद, इलाहाबाद HC का बड़ा फैसला; मुख्य परीक्षा दोबारा कराने का निर्देश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।