इंटरनेट मीडिया पर कौशांबी में महिला से सामूहिक दुष्कर्म का VIDEO प्रसारित, मुकदमा दर्ज, तीन पुलिस हिरासत में
कौशांबी में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चायल चौकी प्रभारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वीडियो में दिख रहे दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जागरण संवाददाता, कौशांबी। एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहा है। वीडियो संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने कथित पीड़िता की तलाश की, लेकिन उसके नाम व पते की तस्दीक नहीं हो सकी।
इसके बाद चायल चौकी प्रभारी अभिषेक गुप्ता की तहरीर पर पिपरी कोतवाली पुलिस ने घटना का मुकदमा कायम कर वीडियो में दिख रहे दो युवकों सहित तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। प्रसारित वीडियो करीब डेढ़ महीने पहले का बताया जा रहा है।
इंटरनेट मीडिया में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो सोमवार को प्रसारित हुआ। इसमें महिला व तीन युवक आपत्तिजनक हालत में दिख रहे हैं। वीडियो संज्ञान में आने के बाद एसपी राजेश कुमार ने प्रकरण की जांच के निर्देश दिए।
सर्विलांस सेल की मदद से पता चला कि वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित करने वाला युवक चायल कस्बे का है। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया तो उसने बताया कि कस्बे के ही तीन युवक एक महिला को लेकर करीब डेढ़ महीने पहले आए थे। वह लोग महिला से दुष्कर्म कर रहे थे, तभी उसने वीडियो बना लिया।
पुलिस ने युवक के बयान व वीडियो में दिख रहे चायल के दो लोगों को हिरासत में लिया। उन लोगों ने बताया कि चायल निवासी एक साथी रेलवे में कोच अटेंडेंट हैं। वही महिला को पैसे देकर लाया था। यहां सभी ने महिला की रजामंदी से शारीरिक संबंध बनाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोसी युवक वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना चाहता था। उन लोगों ने पैसे देने से इन्कार किया तो आरोपित ने वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित कर दिया। दैनिक जागरण प्रसारित वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस ने चौकी प्रभारी अभिषेक गुप्ता की तहरीर पर केस दर्ज कर महिला की खोजबीन शुरू कर दी है।
इस संबंध में सीओ चायल अभिषेक सिंह का कहना है कि इंटरनेट मीडिया में एक महिला के साथ कुछ लोगों द्वारा दुष्कर्म किए जाने का वीडियो प्रसारित हुआ है। वीडियो में दिख रही महिला के नाम व पते की तस्दीक कराई गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। चौकी प्रभारी की तहरीर पर मुकदमा कायम कराया गया है। वीडियो में दिख रहे दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।