विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौशांबी में ढाई करोड़ से चमकेगी बाबा साहब की प्रतिमाएं और पार्क, हर विधानसभा में चुने गए 10 स्थल

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:05 PM (GMT+05:30)

कौशांबी में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं और पार्कों के सौंदर्यीकरण के लिए ढाई करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. ढाई करोड़ रुपये से आंबेडकर प्रतिमा स्थलों का विकास

  2. प्रत्येक विधानसभा में 10 प्रमुख स्थलों का चयन

  3. मरम्मत, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं का विस्तार

जागरण संवाददाता, कौशांबी। संविधान दिवस पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं और उनसे जुड़े पार्कों की सूरत संवारने की तैयारी है। इसके लिए ढाई करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है। डॉ. बीआर आंबेडकर प्रतिमा स्थल विकास योजना के तहत विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में स्थित प्रमुख प्रतिमा स्थलों का जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण कराया जाएगा।

योजना के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10 प्रमुख स्थलों का चयन किया गया है। तीनों विधानसभा के 30 स्थलों पर स्थापित आंबेडकर प्रतिमाओं के आसपास के परिसर को व्यवस्थित करने के साथ ही पार्कों का भी विकास किया जाएगा। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार प्रतिमा स्थलों को नए सिरे से विकसित करने पर जोर रहेगा।

सुंदरीकरण के तहत प्रतिमा स्थलों की मरम्मत, रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और परिसर को आकर्षक बनाने जैसे कार्य कराए जा सकते हैं। पार्कों में नागरिक सुविधाओं के विकास पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि यहां आने वाले लोगों को बेहतर वातावरण मिल सके।

योजना का उद्देश्य केवल प्रतिमाओं का जीर्णोद्धार करना नहीं, बल्कि संविधान निर्माता डॉ. आंबेडकर के विचारों और सामाजिक समानता के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाना है। इसके लिए चयनित स्थलों पर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। ढाई करोड़ रुपये से विधानसभा क्षेत्रों में स्थित आंबेडकर प्रतिमा स्थलों की तस्वीर बदलने की उम्मीद है।

यह कराए जाएंगे कार्य

प्रतिमा स्थल पर रेलिंगयुक्त स्टील की सीढ़ी, छत, बाउंड्री, फिनिशिंग, हरियाली और प्रकाश व्यवस्था जैसे कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा प्रतिमा के नाम और उसके इतिहास की जानकारी देने वाला सूचना बोर्ड भी लगाया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रतिमा स्थल को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के साथ नागरिकों, खासकर नई पीढ़ी को संबंधित महान विभूति के योगदान की जानकारी देना है।

संविधान दिवस पर सीएम का होगा लाइव प्रसारण

संविधान दिवस के अवसर पर सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके लिए जिले में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने कार्यक्रम के सुचारु आयोजन और निगरानी के लिए प्रत्येक स्थल पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है।

डॉ. बीआर आंबेडकर प्रतिमा स्थल विकास योजना के तहत चयनित स्थलों पर कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। अधिकारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर आवश्यक तैयारियां पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के महत्व और बाबा साहब के योगदान को याद किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- कौशांबी में चलती सरकारी बस में चोरी: महिला के सूटकेस का ताला तोड़कर लाखों के गहने और नकदी गायब

यह भी पढ़ें- Kannauj Road Accident: नियमों की अनदेखी या नासमझी! हाईवे पर रेस्ट एरिया से 8 किमी पहले ही चालक ने खड़ी कर दी थी बस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।