कौशांबी के पूर्व बसपा विधायक दयाराम पासी का 76 वर्ष की उम्र में निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर
कौशांबी के चायल विधानसभा से दो बार के पूर्व बसपा विधायक दयाराम पासी का 76 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से जिले के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर है, उनका अंतिम संस्कार शनिवार को होगा।

कौशांबी के पूर्व बसपा विधायक दयाराम पासी का 76 वर्ष की उम्र में निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर
HighLights
चायल विधानसभा से लगातार दो बार बसपा के टिकट पर बने थे विधायक
सादगीपूर्ण जीवन और सरल व्यवहार के लिए थे लोकप्रिय थे दयाराम पासी
संसू, जागरण, भरवारी (कौशांबी)। चायल विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से लगातार दो बार विधायक रहे पूर्व विधायक दयाराम पासी का 76 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। शुक्रवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से जिले के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया।
वर्ष 2002 और 2007 में दर्ज की थी जीत
दयाराम पासी वर्ष 2002 और 2007 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बसपा के प्रत्याशी के रूप में चायल सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे। वर्ष 2002 के चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी राधेश्याम भारती को हराकर जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2007 में लगातार दूसरी बार विधानसभा पहुंचकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2012 में बसपा के ही आसिफ जाफरी ने चायल सीट पर जीत दर्ज की।
पुत्रवधू कविता पासी नगर पालिका भरवारी की अध्यक्ष हैं
पूर्व विधायक दयाराम पासी सरल, सहज, लोकप्रिय और जुझारू जननेता के रूप में पहचाने जाते थे। उनकी सादगीपूर्ण जीवनशैली और आमजन के प्रति सहज व्यवहार पहचान थी। उनके निधन से समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रीय लोगों में शोक व्याप्त है। पूर्व विधायक के एकलौते पुत्र एडवोकेट आशीष व बहू नगर पालिका भरवारी अध्यक्ष कविता पासी सहित अन्य परिवारीजन गमगीन हैं।
कल होगा अंतिम संस्कार
पूर्व विधायक दयाराम पासी का अंतिम संस्कार शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक निवास ग्राम चमरूपुर में किया जाएगा। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। अंतिम दर्शन के लिए समर्थकों, शुभचिंतकों और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के पहुंचने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।