Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कृष्णा पटेल पांचवीं बार बनीं राष्ट्रवादी कमेरावादी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, कौशांबी के कार्यकर्ताओं में भरा जोश, कहा- संगठन ही ताकत

    Updated: Sun, 14 Sep 2025 07:27 PM (IST)

    कौशांबी के सिराथू में अपना दल कमेरावादी का राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ जिसमें कृष्णा पटेल को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि उनके पास गरीबों के लिए कोई रोडमैप नहीं है। पल्लवी पटेल ने 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन में भूमिका निभाने की बात कही।

    Hero Image
    कौशांबी में जनसभा में कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करतीं अद कमेरावादी पाटी अध्यक्ष कृष्णा पटेल व अन्य। जागरण

    जागरण संवाददाता, कौशांबी। अपना दल (कमेरावादी) के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में सर्वसम्मति से कृष्णा पटेल को लगातार पांचवीं बार राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। उनके नाम का प्रस्ताव पार्टी के वरिष्ठ नेता ऊदल राजभर ने रखा।

    राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद कृष्णा पटेल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि संगठन ही उनकी ताकत हैं और कार्यकर्ताओं की बदौलत आज पार्टी लगातार मजबूती की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मूल उद्देश्य सामाजिक न्याय और अंतिम पायदान पर खड़े गरीब व्यक्ति की आवाज को बुलंद करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाएं। कहा कि डा. सोनेलाल पटेल के विचारों को लेकर शोषितों, वंचितों उनका हक व अधिकार दिलाने के लिए मजबूती से लड़ाई लड़ती रहेंगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया। कहा कि भाजपा सरकार के पास गरीबों और बेरोजगारों के लिए कोई रोडमैप नहीं है। सत्ता ही उनका सिद्धांत है। वह रविवार को सैनी के कृषि मैदान में पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित कर रही थीं।

    सिराथू की विधायक डा. पल्लवी पटेल ने कहा कि बेहतर यूपी बनाने के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेंगे। वहीं, सभी नेताओं ने कृष्णा पटेल को पांचवीं बार अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दीं। साथ ही पार्टी को आगे और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पार्टी भागेदारी करते हुए जिला पंचायत के चुनाव में प्रत्याशी उतारेगी।

    पल्लवी ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन में पार्टी अहम भूमिका निभाएगी। विकसित भारत अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा देश में भुखमरी, बेरोजगारी मीलों दूर तक फैली है। यह दिल्ली और लखनऊ में बैठे लोगों को नहीं दिखती। उन्होंने सवाल किया कि क्या कमेरा समाज, दलित, पिछड़ा, शोषित वंचित समाज के उत्थान के बगैर विकसित प्रदेश और देश का सपना साकार होगा? बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर के संविधान में सभी को समानता का अधिकार दिया गया है। हालांकि, सत्तासीन लोग संविधान तो नहीं बदल रहे, लेकिन संविधान में मिले अधिकारों में कुठाराघात जरूर कर रहे हैं।

    अधिवेशन में पार्टी के नेताओं व पदाधिकारियों द्वारा महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी, कृषि, अपराध, अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न, महिलाओं के शोषण, उत्पीड़न आदि मुद्दों पर विचार रखे गए। सीएल पटेल, जिलाध्यक्ष विनोद कसेरा, गंगाराम यादव, राम सजीवन निर्मल, मोबीन अहमद, राम आधार, उमेश पटेल, विधायक प्रतिनिधि कमलेश पटेल आदि उपस्थित रहे।

    पीएम की चार भुजाएं... ईडी-सीबीआइ, पुलिस, चुनाव आयोग

    विधायक डा. पल्लवी पटेल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री जिनकी चार भुजाएं ईडी, सीबीआइ, पुलिस प्रशासन और चुनाव आयोग हैं। इसके माध्यम से लोकतंत्र पर कुठाराघात किया जा रहा है। चुनौती दिया कि अब आंदोलन नहीं होगा। रण होगा, वह भी भीषण होगा। साथ ही विभिन्न जनपदों से आए पार्टी नेताओं का आभार व्यक्त किया।

    सपा नेता भी कार्यक्रम में रहे शामिल

    सैनी के क़ृषि मैदान में रविवार को आयोजित अपना दल कमेरावादी के राष्ट्रीय अधिवेशन में सपा नेता भी शामिल रहे। कार्यक्रम में शामिल होने के सवाल पर कड़ा ब्लाक के एक पूर्व सपा पदाधिकारी ने कहा कि हमारी पार्टी की विधायक का कार्यक्रम है। इसमें साथियों के साथ सहयोग करने के लिए आए हैं। जिनकी उपस्थिति लोगों के बीच चर्चा का विषय रही।