Kasganj News : रात दो बजे तक चलाया मोबाइल, सुबह हुई मौत; चाय गोदाम पर युवक की लाश मिलने से हड़कंप
सोरों में सहावर रोड पर एक चाय के गोदाम में सो रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान वरुण के रूप में हुई है जो आइसक्रीम बेचने का काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाद कासगंज । सोरों में सहावर रोड स्थित चाय के गोदाम में सो रहे युवक (कर्मचारी) की संदिग्ध परिस्थितयों में मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी शनिवार सुबह हुई। सूचना पर मृतक के स्वजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृत्यु का कारण जानने को शव का पोस्टमार्टम कराया है।
सोरों के चंदन चौक निवासी 18 वर्षीय वरुण पुत्र सल्ली प्रजापति सहारवर रोड पर दिनेश पल्तानी की दुकान पर केके देने का कार्य करता था। शाम को बाजार में आइसक्रीम बेचता था। वरुण के साथ उसका चाचा का पुत्र सुमित पुत्र सत्यदेव भी काम करता था।
रात में आइसक्रीम की ठेल दोनों को दिनेश पल्तानी के सहावर रोड स्थित संजीवनी चाय के गोदाम में रखते थे। रात्रि अधिक होने के कारण दोनों गोदाम में ही सोते थे। गोदाम में उत्तराखंड के जिला चंपावत के गांव बकरिया जुला निवासी प्रकाश पुत्र राम सिंह भी रहता है। ये भी दिनेाश का कर्मचारी है। सुमित ने बताया कि शुक्रवार को वह गोदाम पर 12 बजे के बाद पहुंचा। अरुण उससे कुछ देर पहले आइसक्रीम की ठेल लेकर गोदाम पर आ गया था। वरुण लेटा मोबाइल चला रहा था। उसने उसे भोजन करने के लिए कहा पर उसने मना कर दिया।
रात को सोया, सुबह नहीं उठा युवक
रात दो बजे तक वरुण मोबाइल चलाता रहा। वह दो बजे सो गया। सुबह सात बजे जब उठा तो उसने वरुण को आवाज दी। वह नहीं उठा, उसके बिस्तर के पास ही उल्टी पड़ी थी। जब कोई आवाज नहीं आई तो वह डर गया। उसने प्रकाश को जगाया। इसके बाद सुमित ने पुलिस और वरुण के परिवार को इसकी जानकारी दी। सूचना पर कोतवाली निरीक्षक सोरों जगदीश सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। वरुण के शरीर पर कोई निशान नहीं था।
उसने निक्कर में लघुशंका कर ली थी। उसकी पोटी भी निकल गई थी। पुलिस का माना है कि हृदयगति रुकने से वरुण की मृत्यु हो सकती है। मृतक के भाई अर्जुन का कहना है कि उनकाे किसी पर कोई शक नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मृत्यु का कारण पता चलेगा। सोरों कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीश सिंह ने बताया कि हृदयघात से मृत्यु हो सकती है। मृत्यु का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।