Kasganj News: कासगंज में सत्ता की धमक से प्रतिबंधित क्षेत्र में बिकी आतिशबाजी, अधिकारियों ने भी डाले हथियार
Kasganj News प्रतिबंध के बाद भी प्रभुपार्क में लगीं आतिशबाजी की दुकानें। पुलिस-प्रशासन के प्रयास विफल अधिकारी करते रहे टालमटोल। अग्निशमन के भी कोई इंतजाम नजर नहीं आए। सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर दो होमगार्ड तैनात कर दिए गए।

कासगंज, जागरण टीम। यहां सत्ता के आगे कानून के रखवालों को आत्मसमर्पण करते देखा गया। दीपावली पर प्रतिबंध के बाद भी शहर की घनी आबादी के बीच प्रभु पार्क में आतिशबाजी का बाजार सज गया। मौके पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों और आतिशबाजी विक्रेताओं के बीच खूब नोकझोंक हुई। अंत में सत्ताधारी दल के एक प्रमुख नेताजी के नाम आते ही अधिकारी हथियार डाल गए।
यह सही है कि पहले दीपावली पर प्रभु पार्क में आतिशबाजी का बाजार सजता रहा है, मगर इस बार प्रशासन ने यहां प्रतिबंध लगाकर आतिशबाजी बिक्री के लिए शहर की आबादी से बाहर सोरों रोड पर बारहपत्थर मैदान व्यवस्था की थी। दो दिन से यहीं आतिशबाजी की दुकानें लगाकर बिक्री की जा रही थी। सोमवार को सुबह प्रभु पार्क में अनाधिकृत रूप से विक्रेताओं ने अपनी दुकानें लगा ली। इस बात की जानकारी पर एसडीएम पंकज कुमार को मिली। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने विक्रेताओं को वहां से हटाने का प्रयास किया। दुकानदार अधिकारियों से भिड़ गए और जमकर नोकझोंक हुई। बाद में सत्ताधारी दल के एक नेताजी के नाम आते ही प्रशासन की हवा निकल गई। इसके बाद बगैर प्रशासन की अनुमति के ही प्रभु पार्क में आतिशबाजी बिकी। यहां अग्निशमन के भी कोई इंतजाम नजर नहीं आए। सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर दो होमगार्ड तैनात कर दिए गए।
सुरक्षा की दृष्टि से इस बार प्रभुपार्क में आतिशबाजी बेचने की अनुमति नहीं दी गई थी। सुबह जानकारी मिली कि वहां दुकानें सज गई हैं। मौके पर पुलिस भेजकर विक्रेताओं को समझाया गया। कुछ मान भी गए और बारहपत्थर मैदान में चले गए। जो नहीं माने हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- पंकज कुमार, एसडीएम सदर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।