विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कासगंज के सोरों में 18 दिसंबर से मार्गशीर्ष मेला शुरू, एक माह तक चलेगा मिनी महाकुंभ

Published: Sun, 22 Nov 2026 08:28 PM (IST)

कासगंज की तीर्थनगरी सोरों में 18 दिसंबर से एक माह तक चलने वाला मार्गशीर्ष मेला शुरू होगा, जिसे मिनी महाकुंभ भी कहा जाता है। 

तीर्थ नगरी सोरों में हरिपदी गंगा घाट। जागरण

तीर्थ नगरी सोरों में हरिपदी गंगा घाट। जागरण

HighLights

  1. 18 दिसंबर से सोरों में मार्गशीर्ष मेला, मिनी महाकुंभ शुरू।

  2. लाखों श्रद्धालु हरिपदी गंगा में स्नान को पहुंचेंगे कासगंज।

  3. पंचकोसी परिक्रमा, शोभायात्राएं और चार प्रमुख शाही स्नान होंगे।

जागरण संवाददाता, कासगंज। तीर्थनगरी सोरों में मार्गशीर्ष मेले का शुभारंभ 18 दिसंबर से होगा। करीब एक माह तक चलने वाले इस मेले को मिनी महाकुंभ के नाम से भी जाना जाता है।

मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस दौरान हरिपदी गंगा में चार प्रमुख स्नान होंगे। धार्मिक आयोजनों, शोभायात्राओं और पंचकोसी परिक्रमा को लेकर नगर पालिका प्रशासन ने तैयारियों की रूपरेखा बनानी शुरू कर दी है। मार्गशीर्ष मेला सोरों की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान है।

मान्यता है कि मार्गशीर्ष मास में हरिपदी गंगा में स्नान और धार्मिक अनुष्ठान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। इस बार भी मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है।

नगर पालिका चेयरमैन रामेश्वर दयाल मेहरे ने बताया कि मार्गशीर्ष मेला सोरों की धार्मिक पहचान और आस्था का प्रमुख पर्व है। मेले को भव्य और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई, पेयजल, प्रकाश और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। प्रयास रहेगा कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

ये होंगे प्रमुख आयोजन और स्नान

मेले का उद्घाटन 18 दिसंबर को होगा। 20 दिसंबर को पहला शाही स्नान, पंचकोसी परिक्रमा और श्याम वराह भगवान की शोभायात्रा निकाली जाएगी। 21 दिसंबर को दूसरा शाही स्नान और धनवर्षा वराह भगवान की शोभायात्रा होगी।

22 दिसंबर को नागा साधुओं की बाबा शाही सवारी निकलेगी और स्नान होगा। वहीं 24 दिसंबर को पूर्णिमा स्नान के साथ श्रद्धालु हरिपदी गंगा में आस्था की डुबकी लगाएंगे। इस तरह मेले में कुल चार प्रमुख स्नान होंगे।

व्यवस्थाओं को दिया जाएगा अंतिम रूप

मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पालिका की ओर से घाटों की सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, अस्थायी शौचालय और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था की जाएगी। स्नान पर्वों पर भीड़ नियंत्रण, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा। प्रयास है कि मेले के शुभारंभ से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।

यह भी पढ़ें- Mela Kakoda: पहचान बदायूं की, पर कासगंज के किसानों की जमीन पर बसता है ये 'मिनी कुंभ'

यह भी पढ़ें- कासगंज में 1 दिसंबर से शुरू होगी पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।