Mela Kakoda: पहचान बदायूं की, पर कासगंज के किसानों की जमीन पर बसता है ये 'मिनी कुंभ'
मेला ककोड़ा, जिसे रुहेलखंड का मिनी कुंभ कहा जाता है, बदायूं की पहचान है लेकिन इसका आयोजन कासगंज के किसानों ...और पढ़ें

ककोड़ा मेले में सड़क ठीक करने को पानी डालता टैंकर। जागरण
HighLights
20 दिन खेतों में उगती फसल से लेकर मेले की दुकानों तक स्थानीय ग्रामीणों की रहती है भागीदारी
अंकित गुप्ता, बदायूं। रुहेलखंड का मिनी कुंभ मेला ककोड़ा भले ही बदायूं की पहचान और जिला पंचायत के आयोजन के रूप में जाना जाता हो, लेकिन इसकी खास बात यह है कि मेला कासगंज जिले की जमीन पर सजता है। गंगा के बदलते प्रवाह और कटान के चलते मेले का स्थान भी समय-समय पर बदलता रहा है।
वर्तमान में जिस क्षेत्र में मेला आयोजित होता है, वह हिस्सा कासगंज जिले की पटियाली तहसील और सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र में आता है। गंगा पार बसे एक दर्जन से अधिक गांवों की जमीन इस क्षेत्र में पड़ती है। इनमें जोरी नगला के आसपास का इलाका भी शामिल है।
करीब पांच सौ साल पुरानी परंपरा से जुड़े इस मेले की व्यवस्थाएं बदायूं जिला पंचायत संभालती है। मेले के लिए हर साल गंगा किनारे बड़े भू-भाग को चिह्नित किया जाता है। इसमें किसानों के खेत भी शामिल होते हैं।

कार्तिक पूर्णिमा के आसपास मेला लगने के कारण उस समय खेतों में खरीफ की फसलें तैयार होने और उनकी कटाई का दौर रहता है। धान, बाजरा, और अन्य खरीफ फसलों की कटाई के साथ किसान खेत खाली करते हैं।
वहीं कुछ खेतों में गन्ना और शकरकंद जैसी फसलें भी होती हैं। मेला स्थल तक पहुंचने के लिए अस्थायी सड़कें बनाने में भी खेतों के रास्तों का इस्तेमाल होता है। किसानों को पहले से जानकारी मिल जाती तो वह उसी हिसाब से फसल की कटाई और खेती की योजना बनाते हैं।
कई किसान फसल काटने के बाद अपनी जमीन मेले के लिए उपलब्ध करा देते हैं। मेले की अवधि पूरी होने के बाद जिला पंचायत का अस्थायी ढांचा हटता है और किसान फिर से खेतों की जोताई कर अगली फसल की तैयारी में जुट जाते हैं।
मेले से खेतों तक पहुंचता है रोजगार का अवसर
ककोड़ा मेले का लाभ केवल श्रद्धालुओं और दुकानदारों तक सीमित नहीं रहता। आसपास के ग्रामीणों के लिए भी यह कमाई का बड़ा अवसर बनता है। मेले की तैयारियों में जमीन समतल करने, अस्थायी सड़क बनाने, बिजली व्यवस्था, सफाई, पानी और अन्य कामों में स्थानीय श्रमिकों को रोजगार मिलता है।
वहीं मेला शुरू होने पर ग्रामीण दुकानें लगाते हैं और चाय, नाश्ता, भोजन, सब्जी, दूध, चारा तथा अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति करते हैं। स्थानीय युवाओं को वाहन पार्किंग, सामान ढुलाई और अस्थायी दुकानों पर काम मिलता है।
टेंपो-टिर्री चलाने वालों को मिलता लाभ
मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की वजह से आसपास के गांवों में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ जाती हैं। किसी के खेत से मेला स्थल तैयार होता है तो किसी के हाथों से मेले की दुकानें सजती हैं। इस तरह ककोड़ा मेला धार्मिक आयोजन होने के साथ ही गंगा पार के ग्रामीणों की आजीविका से भी जुड़ा हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सबसे बड़ा लाभ कासगंज और कादरचौक के टेंपो और टिर्री चलाने वालों का मिलता है। आसपास के लोग जब मेला देखने और स्नान के लिए आते जाते हैं तो इन्हीं टेंपो टिर्री का उपयोग करते हैं।
मेले के लिए खेत खाली करने पड़ते हैं। फसल की कटाई का समय देखकर किसान तैयारी करते हैं। मेला समाप्त होने के बाद खेत वापस मिल जाते हैं और फिर अगली फसल की बोआई शुरू कर देते हैं। - सुल्तान सिंह, किसान
मेला लगने से आसपास के गांवों के लोगों को काम मिलता है। कोई दुकान लगाता है तो कोई मजदूरी और सामान की आपूर्ति करता है। मेले के दिनों में गांवों में भी कमाई के अवसर बढ़ जाते हैं। - गौरव, ग्रामीण
साल भर इस मेले का इंतजार रहता है। श्रद्धालुओं की भीड़ आने से दुकानदारी चलती है। स्थानीय लोगों को अस्थायी रोजगार मिलता है और कई दिनों तक अच्छी आमदनी हो जाती है। - संजय यादव, ग्रामीण
यह भी पढ़ें- रील्स और सोशल मीडिया की लत ने बिगाड़ा बचपन! बदायूं के सैदपुर में नाबालिग की शर्मनाक करतूत, पुलिस ने दबोचा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।