कासगंज में सजेगा 107 साल पुराना पशु मेला, नस्ली घोड़ों की खरीद-फरोख्त मुख्य आकर्षण, कई राज्यों से आएंगे व्यापारी
कासगंज में 11 दिसंबर से 107 साल पुराना शिवराज पशु मेला शुरू होगा, जो 15 दिनों तक चलेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कासगंज में 11 दिसंबर से शुरू होगा 107 साल पुराना पशु मेला।
महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, बिहार से पहुंचेंगे पशु व्यापारी, 15 दिन रहेगी रौनक।
अच्छी नस्ल के घोड़ों की खरीद-फरोख्त मुख्य आकर्षण का केंद्र।
जागरण संवाददाता, कासगंज। जिले में साल से चली आ रही शिवराज पशु मेले की परंपरा एक बार फिर जीवंत होने जा रही है। 11 दिसंबर से 107 साल पुराना शिवराज पशु मेला शुरू होगा। करीब 15 दिन तक चलने वाले इस मेले में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब और बिहार से पशु व्यापारी पहुंचेंगे। मेले की तैयारियां शुरु हो गई हैं। मेले में अच्छी नस्ल के घोड़े-घोड़ियों की खरीद-फरोख्त प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेगी।
मेला संचालक राव मुकुल मान सिंह ने बताया कि शिवराज पशु मेले की शुरुआत साल 1919 में राजा शिवराज सिंह ने कराई थी। तभी से यह मेला उनके नाम पर आयोजित होता आ रहा है। समय के साथ मेले ने अपनी अलग पहचान बनाई है। हर साल बड़ी संख्या में पशु व्यापारी और पशुपालन के शौकीन यहां पहुंचते हैं। 107 साल से चली आ रही इस परंपरा के प्रति लोगों में आज भी खास उत्साह है।
अच्छी नस्ल के आते हैं, घोड़े, घोड़ी, ऊंट
मेले में दूर-दराज से व्यापारी घोड़े, घोड़ी, ऊंट, बैल समेत अन्य पशुओं को लेकर पहुंचते हैं। खासकर अच्छी नस्ल के घोड़े-घोड़ियों की खरीदारी के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से खरीदार आते हैं। इनमें पशुपालन के शौकीनों के अलावा व्यावसायिक उपयोग करने वाले और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग भी शामिल होते हैं। पुलिस विभाग में प्रशिक्षण और अन्य उपयोग के लिए भी घोड़ों की खरीदारी करने वाले लोग मेले में पहुंचते हैं।
ऐतिहासिक पहचान हैं मेले की
राजस्थान, महाराष्ट्र, पंजाब और बिहार से आने वाले व्यापारियों के साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के पशु कारोबारियों की मौजूदगी से मेले में रौनक बढ़ती है। 15 दिन तक चलने वाले आयोजन से पशु व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी रोजगार के अवसर मिलते हैं। मेले की ऐतिहासिक पहचान और पशुओं की खरीद-फरोख्त की परंपरा के चलते आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी इसके शुरू होने का इंतजार रहता है।
15 दिन तक स्थानीय कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
शिवराज पशु मेला केवल पशुओं की खरीद-फरोख्त तक सीमित नहीं है। 15 दिन तक चलने वाले आयोजन से स्थानीय दुकानदारों, खानपान विक्रेताओं और छोटे कारोबारियों को भी रोजगार मिलता है। मेले में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से बाजार में भी रौनक बढ़ती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।