विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरसों की लहलहाती फसल देखकर कासगंज में किसानों के चेहरे खिले, ठंड की कमी और कीटों ने बढ़ाई चिंता

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:56 PM (GMT+05:30)

कासगंज में सरसों की फसल फलियां बनने और दाना विकसित होने की अवस्था में है, जिससे किसान अच्छी पैदावार की उम्मीद कर रहे हैं। 

तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।

तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. कासगंज में नौ हजार हेक्टेयर में सरसों की बुवाई हुई।

  2. सरसों की फसल में फलियां बन रही, दाना विकसित हो रहा।

  3. किसान अच्छी पैदावार की उम्मीद में खेतों की निगरानी कर रहे।

जागरण संवाददाता, कासगंज। मौसम में बदलाव के बीच खेतों में खड़ी सरसों की फसल फलियां बनने के बाद अब दाना विकसित होने की अवस्था में पहुंच गई है। पौधों पर फलियां तैयार होने लगी हैं। खेतों में फसल की मौजूदा स्थिति देखकर किसान इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद कर रहे हैं। जिले में इस बार नौ हजार हेक्टेअर क्षेत्रफल में सरसों की बुवाई हुई है। शुरुआती दौर में मौसम अनुकूल रहने से फसल की बढ़वार अच्छी रही।

किसान इन दिनों खेतों की नियमित निगरानी कर रहे हैं। माहू और अन्य कीटों के प्रकोप के साथ रोगों की आशंका को देखते हुए सावधानी बरती जा रही है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार इस अवस्था में उचित देखभाल, खेत में आवश्यक नमी बनाए रखना और कीट-रोगों की समय से पहचान जरूरी है। बिना जरूरत कीटनाशकों का छिड़काव न करें और मौसम व फसल की स्थिति के अनुसार विशेषज्ञों की सलाह पर ही दवा का प्रयोग करें।

जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि फलियां बनने और दाना विकसित होने की अवस्था सरसों की फसल के लिए महत्वपूर्ण है। किसानों को पर्याप्त नमी बनाए रखने और कीट-रोगों की नियमित निगरानी करने की जरूरत है। माहू या अन्य कीट दिखने पर विशेषज्ञों की सलाह से उचित दवा का प्रयोग करें। मौसम में बदलाव को देखते हुए निरीक्षण जारी रखें, ताकि समय रहते बचाव किया जा सके।

फसल में फलियां बन गई हैं और उनमें दाना पड़ना शुरू हो गया है। अभी स्थिति अच्छी है। मौसम अनुकूल रहा तो पैदावार बेहतर होने की उम्मीद है। — प्रदीप, किसान, रेखपुर

इस बार फसल की बढ़वार अच्छी हुई है, लेकिन ठंड और कोहरा अपेक्षा के अनुसार नहीं पड़ रहा। इससे दाना पूरी तरह विकसित होने को लेकर चिंता है। किसान लगातार खेतों की निगरानी कर रहे हैं। — अशोक ठाकुर, किसान, नौरथा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।