Kasganj Overhead Tank Collapse: चार साल पहले बनी पानी की टंकी भरभरा कर गिरी नीचे, कालोपी की जल आपूर्ति ठप
तुलसी नगर बदरिया स्थित आसरा आवासीय कालोनी में ओवरहैड टैंक रात में भरभरा कर गिर गया। टैंक पानी से भरा हुआ था। चार साल पहले सीएनडीएस ने इसे बनवाया था। हादसे के बाद कालोनी की जलापूर्ति ठप हो गई। घटिया निर्माण सामग्री उपयोग किए जाने की आशंका है। डीएम ने टीम भेजकर मलवे का नमूना लिया है, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। हादसे में तीन लोग मामूली रूप से चोटिल हुए हैं।

संवाद सूत्र, सोरों। तुलसी नगर बदरिया स्थित आसरा आवासीय कालोनी में ओवरहैड टैंक रात में भरभरा कर गिर गया। टैंक पानी से भरा हुआ था। चार साल पहले सीएनडीएस ने इसे बनवाया था। हादसे के बाद कालोनी की जलापूर्ति ठप हो गई। घटिया निर्माण सामग्री उपयोग किए जाने की आशंका है। डीएम ने टीम भेजकर मलवे का नमूना लिया है, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। हादसे में तीन लोग मामूली रूप से चोटिल हुए हैं।
साल 2016 में स्वीकृत हुई आसरा आवासीय कालोनी का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया था। 2024 में तैयार हुई। कालोनी में 252 आवास स्वीकृत हुए थे। जिनमें 156 आवास तैयार हैं। जिनमें से 126 आवास आवंटित कर दिए गए हैं। इन दिनों इनते ही परिवार कालोनी में निवास कर रहे हैं। कालोनी में जलापूर्ति के लिए एक लाख किलोलीटर की क्षमता का ओवर हैड टैंक बनाया गया था। बुधवार की रात 11 बजे ओवर हैड टैंक भरभरा कर गिर पड़ा। इसमें पानी भी भरा हुआ था। अपने घरों के बाहर सो रहे तीन लोग इस घटना में चोटिल भी हुए हैं। जिनमें बिरजू पुत्र धनसिंह, पुष्पराज पुत्र राजेंद्र, गोपाल तिवारी पुत्र कन्हैया लाल तिवारी तीनों अपने आवास के बाहर सो रहे थे।
गिरने वाला मलवा जाकर लोगों के लगा। इन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। कालोनी की जलापूर्ति बाधित हो गई है। पालिका ने अस्थाई रूप से मोबाइल टैंकर खड़े करा दिए हैं, जिससे लोगों को जलापूर्ति मिल रही है। बिजली आपूर्ति के लिए यहां लगा ट्रांसफार्मर भी मलवे के गिरने क्षतिग्रस्त हो गया है। बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। दोपहर बाद इसे दुरुस्त कराया गया।
घटना के बाद डीएम मेधा रूपम ने मामले का संज्ञान लिया है। कई विभागों के तकनीशियनों की टीम बनाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया है। निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के प्रयोग की आशंका बनी हुई है। मलबे का नमूना ले लिया गया है। इसकी जांच कराई जाएगी।
13 करोड़ 96 लाख की लागत से बनी है कालोनी
गरीबों और जरूरतमंदों को आवास देने की योजना को साकार किया गया। आसरा आवासीय कालोनी तुलसी नगर बदरिया में तैयार हुई। डूडा विभाग (नगरीय विकास अभिकरण) के माध्यम से इस कालोनी का निर्माण हुआ। सरकार ने इसके लिए 13 करोड़ 96 लाख रुपये की धनराशि का व्यय किया। ओवरहैड टैंक चार साल पहले तैयार हुआ था। अलीगढ़ की संस्था सीएनडीएस द्वारा कालोनी और ओवर हैड टैंक का निर्माण कराया। 126 परिवार कालोनी में निवास कर रहे हैं।
तकनीकी खामियों के चलते पालिका ने नहीं लिया हैंडओवर
156 आवास तैयार होने के बाद पालिका ने 126 लोगों को कालोनी में आवास आवंटित कर दिए। अब तक पालिका ने कालोनी को हस्तांतरित नहीं लिया है। संस्था सीएनडीएस और डूडा विभाग ने कई बार प्रयास भी किया, लेकिन पालिका ने कमियां बताकर कालौनी अपने अधीन नहीं ली। पालिका का कहना है कि आवासों में कहीं स्लैब टूटी, कहीं प्लास्टर उखड़ रहा है। सहित अन्य खामियां होने के कारण पालिका ने संबंधित संस्था को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के बाद कालोनी हैंडओवर करने की बात कही थी।
कई विभाग के तकनीशियनों भेजकर स्थलीय निरीक्षण कराया है। निर्माण सामग्री के नमूने लिए गए हैं, जांच होगी। कार्यदायी संस्था को पत्र जारी कर दिया है। जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।- मेधा रूपम, डीएम
डीएम के निर्देश पर जांच शुरू हो गई है। नीचे का एक खंभा कमजोर था। फासला होने के कारण वह धसक गया। जिसके चलते पानी का वजन टैंक सहन नहीं कर सका और धराशायी हो गया।- सुभाष वीर सिंह राजपूत, पीओ डूडा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।