यूपी के इस जिले से झांसी के लिए बस सेवा बंद, अन्य बसें भी परमिट के इंतजार में अटकी
कासगंज डिपो से झांसी के लिए शुरू की गई बस सेवा कम यात्रियों के कारण बंद कर दी गई है। रोडवेज ने लंबी दूरी के मार्गों पर बसें चलाने की योजना बनाई थी लेकिन परमिट न मिलने से अन्य बसें शुरू नहीं हो पाई हैं। फिलहाल इन बसों को दिल्ली और आगरा मार्ग पर चलाया जा रहा है और परमिट का इंतजार है।
जागरण संवाददाता, कासगंज। कासगंज डिपो पर पिछले माह मिली पांच नई बसों को लंबी दूरी के लिए चलाए जाने की योजना थी। जिसमें एक बस को झांसी के लिए शुरू किया गया। यह बस सेवा भी कम लोड फैक्टर के चलते बंद हो गई। जबकि अन्य बसों के परमिट न होने के कारण उनके संचालन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
डिपो को मिली पांच नई बसाें का संचालन लंबी दूरी के लिए करने की रोडवेज ने तैयारी की। जिसमें झांसी, हल्द्वानी, टनकपुर, हरिद्वार, भिंड के लिए होना था। जिसमें माह के शुरु में झांसी के लिए बस सेवा शुरु की गई।
यह बस सुबह कासगंज से अलीगढ़, अलीगढ़ से एटा और एटा से इटावा होती हुई झांसी तक जाती थी। वापसी में भी इसी रूट से कासगंज पहुंचती। इसके संचालन में रोडवेज को लोड फेक्टर कम मिलने के कारण इस बस सेवा को बंद कर दिया गया।
हालांकि, रोडवेज का दावा है कि इस बस सेवा को मार्ग में संशोधन कर फिर से चलाए जाने की योजना बनाई जा रही है, जिससे यात्रियों को लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त अन्य स्थानों के लिए बसों के परमिट न मिलने से बसों का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है। फिलहाल इन बसों को दिल्ली व आगरा मार्ग पर संचालित किया जा रहा है।
एआरएम ओम प्रकाश ने बताया कि झांसी की बस सेवा लोड फैक्टर कम होने के कारण रोकी गई है। इसे फिर से शुरु करने का योजना है। परमिट के लिए प्रस्ताव दिए गए हैं। परमिट मिलने पर हरिद्वार, हल्द्वानी, टनकपुर के लिए बसें यात्रियों को मिल सकेंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।