एक पल में उजड़ गई बेटे की दुनिया, कानपुर देहात में मां ने धक्का देकर तेज रफ्तार कंटेनर से बचाई जान और खुद दुनिया छोड़ गई
कानपुर-इटावा हाईवे पर रायपुर रनियां के पास एक महिला ने कंटेनर आता देख अपने बेटे को धक्का देकर बचाया, लेकिन ...और पढ़ें

हादसे के बाद लोगों की लगी भीड़। ग्रामीण
HighLights
मां ने बेटे को कंटेनर की चपेट में आने से बचाया
महिला माया देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत
पुलिस ने कंटेनर जब्त किया, चालक फरार, मुकदमा दर्ज होगा
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। कानपुर-इटावा हाईवे पर रायपुर रनियां के पास कंटेनर आता देख महिला ने बेटे को धक्का देकर हटाया लेकिन खुद अपनी जान गवां दी।महिला कंटेनर के नीचे आकर कुचल गई।मां का शव देख बेटा बदहवास हो गया तो किसी तरह से लोगों ने उसे संभाला।
गजनेर के पेराजोर निवासी टाइल्स कारीगर धर्मेंद्र सिंह चंदेल की 34 वर्षीय पत्नी माया देवी बेटे 10 वर्षीय किशन को लेकर बुखार की दवा दिलाने रायपुर के डाक्टर के पास गईं थीं। दवा दिलाने के बाद वह लोग हाईवे पर सड़क पार कर रहे थे। किशन आगे था और वह तेजी से दूसरी लेन की तरफ जाने लगा, उसी समय तेज रफ्तार से कंटेनर आ रहा था, यह देख माया देवी घबरा गईं और दौड़कर बेटे के पास पहुंचीं और धक्का देकर उसे आगे कर दिया लेकिन खुद चपेट में आ गईं।
वह नीचे गिरी और पहिया उनके ऊपर से गुजर गया व जान चली गई। मां का शव देख बेटा किशन बदहवास होकर चीखने लगा तो लोगों ने उसे संभाला।पति धर्मेंद्र, बेटा गोपाल, बेटी दिव्यांशी का रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद चालक कंटेनर छोड़कर वहां से फरार हो गया। रनियां थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि कंटेनर को कब्जे में लिया गया है।तहरीर लेकर मुकदमा किया जाएगा।
बाइक की टक्कर से श्रमिक की गई जान
झींझक से पैदल घर लौट रहे श्रमिक को कंचौसी मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी जिससे जान चली गई। मंगलपुर के मुंडेरा गांव निवासी 58 वर्षीय श्रमिक मन्नीलाल शुक्रवार रात झींझक से पैदल अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्वजन ने उन्हें पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) झींझक ले गए, जहां से उन्हें मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी राजेश्वरी और पुत्र विजय व शिवम का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इंस्पेक्टर मंगलपुर प्रवीण यादव ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा किया जाएगा।
