कर्ज में डूबे किसान ने फंदा लगा दी जान, ढाई लाख बिजली बिल के लिए कोर्ट में डाला केस, फिर आया आठ लाख
Kanpur Dehat News कानपुर देहात के मंगलपुर में एक किसान ने कर्ज से तंग आकर आत्महत्या कर ली। 55 वर्षीय जगमोहन पर बिजली का आठ लाख और बैंक का दो लाख का कर्ज था जिसके कारण वह परेशान रहता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संवाद सहयोगी, जागरण, झींझक। मंगलपुर के लगरथा गांव निवासी कर्ज में डूबे किसान ने रविवार भोर घर से कुछ दूरी पर खेत में पेड़ से अंगौछे का फंदा लगा जान दे दी। सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने पेड़ से लटकता शव देखा तो भीड़ जुट गई, जिसके बाद स्वजन भी पहुंच गए और सभी बदहवास होकर बिलखने लगे। दिवंगत के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने फौती दर्ज की है।
लगरथा गांव निवासी 55 वर्षीय जगमोहन खेती किसानी के साथ ही घर में ही आटा चक्की भी लगाए थे। पत्नी प्रीति ने बताया कि चक्की के लिए बिजली का कनेक्शन कराया था। करीब सात वर्ष पूर्व बिल जमा करने के बाद ढाई लाख का बिल आ गया। विभाग द्वारा बिल में संशोधन न किए जाने पर न्यायालय में मुकदमा डाला था। वहीं बिल अब आठ लाख के करीब पहुंच गया।
इसके साथ ही बैंक आफ बड़ौदा से किसान क्रेडिट कार्ड बनवाया था, जिससे दो लाख का ऋण है। कर्ज अधिक होने से वह परेशान रहते थे। रात करीब दो बजे घर से वह निकल गए। वहीं सुबह घर से कुछ दूरी पर पेड़ से अंगौंछे के फंदे से शव लटकता मिला। ग्रामीणों के साथ ही स्वजन भी मौके पर पहुंचे और बदहवास होकर बिलखने लगे।
दिवंगत की पत्नी प्रीति, पुत्र विकास, बेटी ऋचा व सृष्टि समेत अन्य स्वजन बदहवास हो बिलखते रहे। प्रभारी एसओ कमलेश कुमार ने बताया कि दिवंगत के स्वजन ने आठ लाख बिजली बिल व दो लाख बैंक का ऋण बकाया होने की जानकारी दी है। दिवंगत के पुत्र विकास की तहरीर पर फौती दर्ज की गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।