विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर देहात में नशे में उजाड़ ली अपनी ही दुनिया, विवाद के बाद छत से पत्नी को फेंका, बच्चाें के साथ शव के पास रोता रहा

Published: Sun, 19 Apr 2026 07:03 PM (IST)

कानपुर देहात के किशरवल गांव में नशे में धुत पति ऋषभ ने विवाद के बाद पत्नी रीता को डंडे से ...और पढ़ें

रीता की फाइल फोटो। स्वजन

रीता की फाइल फोटो। स्वजन

HighLights

  1. भाई की तहरीर पर आरोपित बहनोई पर हत्या का मुकदमा दर्ज, गिरफ्तार

  2. मृतका के स्वजन ने आरोपित के शराब का लती होने के भी लगाए आरोप

संवाद सूत्र, रनियां (कानपुर देहात)। कानपुर देहात में नशे की लत ने एक परिवार को जीवनभर का जख्म दे दिया है। एक युवक ने शराब के नशे में विवाद के दौरान पत्नी को छत से नीचे फेंक दिया। उसकी मौत हो गई। दिल दहला देने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपित भागा नहीं, बल्कि पुलिस के आने तक अपने तीनों बच्चों के साथ पत्नी के शव के पास ही बैठा रोता रहा। कहता रहा, सब अनजाने में हो गया। 

किशरवल गांव में शनिवार देर रात शराब के नशे में धुत पति ने पहले पत्नी की डंडे से बेरहमी से पिटाई की और फिर उसे छत से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलित किए। साथ ही आसपास मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए गए। युवती के भाई ने बहनोई पर बहन की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रनियां के किशरवल गांव निवासी लोडर चालक ऋषभ उर्फ गोलू का शनिवार देर रात पत्नी रीता से किसी बात को लेकर विवाद हो गया और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। आवेश में आए ऋषभ ने पत्नी को डंडे से पीट दिया और छत से धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिस पर डायल 112 के सिपाही महिला को मेडिकल कालेज लेकर पहुंचे, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं हसनगंज उन्नाव के नबी नगर से पहुंचे युवती के भाई अमन, धीरज, नीरज, राहुल समेत अन्य स्वजन बहन की मौत पर बदहवास होकर बिलखने लगे। भाई धीरज ने बताया कि रीता इकलौती बहन थी और बीती रात उसकी बहन और बहनोई से बात भी हुई थी, जिस पर बहनोई को उसने समझाया भी था। उन्होंने आरोप लगाया कि ऋषभ शराब का लती था और अक्सर शराब पीकर घर पहुंचने पर बहन के साथ मारपीट करता था।

शनिवार रात भी शराब के नशे में घर पहुंचा, जिस पर विवाद हुआ था। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित करने के साथ ही मौजूद लोगों के बयान भी लिए। इसके साथ ही खून लगे डंडे को भी घटनास्थल से बरामद किया। मां की मौत से आठ वर्षीय पुत्र वेद, पांच वर्षीय वंश व चार वर्षीय बेटी श्रद्धा भी बिलखती रही। थानाध्यक्ष दिनेश गौतम ने बताया कि मृतका के भाई ने हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी थी, जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही आरोपित पति को गिरफ्तार किया गया है।

बच्चों ने मामा के साथ जाने से किया इन्कार

मामूली विवाद के बाद आवेश में हुई घटना से बच्चों के सिर से मां का साया छिन गया। अब उनके भविष्य को लेकर भी आसपड़ोस के लोगों में चर्चा होती रही। वहीं मां की मौत पर बिलख रहे बच्चों को मामा धीरज, अमन ने साथ ले जाने का प्रयास किया, जिस पर उन्होंने मामा के साथ जाने से मना कर दिया। रीता की मौत पर आरोपित ऋषभ स्वयं को कोसता रहा। घटना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपित अपने तीनों बच्चों के साथ रीता के बगल में ही बैठा मिला। उसने पुलिस को बताया कि रात में वह सो रहा था और रीता बेवजह आकर उससे विवाद करने लगी, जिसके बाद यह घटना हो गई। आरोपित ने बताया कि उसने जानबूझकर कुछ नहीं किया, सब अनजाने में हो गया। वहीं घटना के बाद आरोपित भागने के बजाए बच्चों को संभालता रहा।

यह भी पढ़ें- US-Israel-Iran War का असर: 48 दिन में डामर 43 हजार महंगा, यूपी में 10,000 करोड़ के सड़क प्रोजेक्ट्स ठप

यह भी पढ़ें- 80 करोड़ का 'धनी' मोची! आया साइबर ठग के निशाने पर, UP Police ने पंजाब से पकड़े ठग, पाकिस्तान और श्रीलंका तक जुड़े तार

यह भी पढ़ें- Kanpur Weather: यूपी में लू का यलो अलर्ट घोषित, कानपुर में भीषण गर्मी का सितम, अधिकतम तापमान 40.0°C