कानपुर देहात के अंबियापुर रेलवे स्टेशन में हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से दंपती की मौत
कानपुर देहात के रूरा स्थित अंबियापुर रेलवे स्टेशन पर एक दंपती की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो ...और पढ़ें

अनिल और संजू की फाइल फोटो। स्वजन
HighLights
रूरा के अंबियापुर स्टेशन पर हुआ यह हादसा
सिठमरा निवासी अनिल दीक्षित व पत्नी संजू की मौत
रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आए
संवाद सूत्र, रूरा(कानपुर देहात)। रिश्तेदारी में औरैया जाने के लिए घर से निकले दंपती की मंगलवार देर शाम अंबियापुर रेलवे स्टेशन पर मेमू ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी अलीगढ़ से कानपुर की ओर जा रही मेमू ट्रेन आ गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी ने छानबीन कर शवों की पहचान कराई और स्वजन को जानकारी दी।
रूरा के सिठमरा गांव निवासी किसान अनिल दीक्षित (48) मंगलवार देर शाम करीब सात बजे अपनी पत्नी संजू (43) के साथ औरैया के अछल्दा क्षेत्र में रिश्तेदारी में जाने के लिए घर से निकले थे। दोनों अंबियापुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। बताया गया कि इस दौरान वह रेलवे लाइन पार करने लगे।
इसी बीच अलीगढ़ से कानपुर की ओर जा रही मेमू ट्रेन आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन के गार्ड ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने मेमू ट्रेन के माध्यम से झींझक जीआरपी को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर जीआरपी चौकी प्रभारी अर्पित तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन की। हादसे की जानकारी होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने परिवार को सूचना दी। दंपती की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
पुत्र विशाल और अंशु तथा पुत्री आशी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। विशाल ने बताया कि माता-पिता रिश्तेदारी में जाने के लिए घर से निकले थे। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि यह हादसा कैसे हो गया। जीआरपी चौकी प्रभारी अर्पित तिवारी ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई है।
