कानपुर देहात के झींझक में दो नई सड़कों की सौगात, 2.34 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण शुरू
कानपुर देहात के झींझक में रसूलाबाद विधायक पूनम संखवार ने 2.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली दो नई सड़कों का भूमि पूजन किया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
झींझक में 2.34 करोड़ की लागत से दो सड़कें बनेंगी।
विधायक पूनम संखवार ने भूमि पूजन कर कार्य शुरू किया।
ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और विकास को मिलेगा बढ़ावा।
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए रसूलाबाद विधायक पूनम संखवार ने बुधवार को झींझक क्षेत्र के दो गांवों में 2.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों का भूमि पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर उन्होंने निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
स्वीकृत कार्यों में पहला संपर्क मार्ग विकासखंड रसूलाबाद के विषधन मार्ग से ग्राम बटपरू तक बनाया जाएगा। इसकी लंबाई 1.15 किलोमीटर होगी और निर्माण पर 1.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, दूसरा संपर्क मार्ग ग्राम सिंगवानार के मजरा धरम सिंह पुरवा तक बनेगा। इसकी लंबाई 1.5 किलोमीटर होगी और इसके निर्माण पर 1.22 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
विधायक पूनम संखवार ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
अच्छी सड़कें गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान बनाती हैं। उन्होंने कहा कि जनता की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
रसूलाबाद देहात के प्रधान उदय सिंह, कुलदीप पाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संतोष प्रताप सिंह, नरेंद्र पांडेय, शोभित त्रिपाठी, विष्णु प्रताप सिंह, पुनीत सिंह गौर, एई विमल मिश्रा, जेई राधेश्याम यादव, संतोष कुशवाहा, राम कुमार कुशवाहा और अमर सिंह कुशवाहा मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।