कानपुर-इटावा रेलमार्ग के तीन स्टेशनों का होगा कायाकल्प; भरथना, झींझक और फफूंद के विकास को 48 करोड़ मंजूर
कानपुर से इटावा के बीच भरथना, झींझक और फफूंद रेलवे स्टेशनों के विकास के लिए उत्तर मध्य रेलवे ने 48.89 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

HighLights
भरथना, झींझक, फफूंद स्टेशनों के विकास को 48.89 करोड़ स्वीकृत।
यात्री सुविधाओं जैसे प्रतीक्षालय, पार्किंग, शौचालय में सुधार होगा।
प्लेटफार्म विस्तार, नए भवन निर्माण और दिव्यांग सुविधा पर जोर।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर से इटावा के बीच रेल यात्रियों के लिए स्टेशनों पर सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी है। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने भरथना, झींझक और फफूंद स्टेशनों के विकास के लिए 48.89 करोड़ के कार्य स्वीकृत किए हैं। तीनों स्टेशनों पर प्रवेश-निकास व्यवस्था से लेकर प्रतीक्षालय, पार्किंग, शौचालय, प्लेटफार्म को बेहतर किया जाएगा।
औरैया जिले के फफूंद स्टेशन के विकास पर 18.61 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यहां नया जी-1 (ग्राउंड फ्लोर के ठीक ऊपर बनी मंजिल) भवन बनाया जाएगा। प्रथम तल पर रिटायरिंग रूम और यात्रियों के लिए लिफ्ट होगी। द्वितीय प्रवेश द्वार पर बुकिंग कार्यालय, प्रतीक्षालय, शौचालय और बैठने की सुविधा विकसित की जाएगी।
कानपुर देहात के झींझक स्टेशन पर प्रतीक्षालय का आधुनिकीकरण, शौचालयों में सुधार और दिव्यांगजन के लिए माड्यूलर शौचालय बनाया जाएगा। स्टेशन को 11 करोड़ से विकसित किया जाएगा। प्लेटफार्म तीन-चार का 240 मीटर विस्तार होगा।
भरथना में 19.28 करोड़ से होगा बदलाव
इटावा के भरथना स्टेशन पर 19.28 करोड़ से नया बुकिंग कार्यालय, एप्रोच पाथवे, कवर्ड पैसेज और एंट्री प्लाजा बनाया जाएगा। प्लेटफार्म तीन और चार के विस्तारित हिस्से को करीब 325 मीटर तक ऊंचा किया जाएगा। पुराने और अनुपयोगी ढांचों को हटाकर सड़क, नाली, सीमा दीवार, प्रतीक्षालय और अन्य सुविधाओं का भी विकास होगा।
झींझक, फफूंद व भरथना स्टेशनों के विकास में केवल भवन निर्माण ही नहीं पार्किंग, बैठने, शौचालय, दिव्यांग सुविधा, प्लेटफार्म, हरित क्षेत्र और आवागमन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
-अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी प्रयागराज रेल मंडल
यह भी पढ़ें- कानपुर-दिल्ली के बीच नई ट्रेन की जल्द मिलेगी सौगात, इटावा समेत आठ स्टेशनों पर होगा ठहराव
