विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर-दिल्ली के बीच नई ट्रेन की जल्द मिलेगी सौगात, इटावा समेत आठ स्टेशनों पर होगा ठहराव

Published: Sat, 26 Sep 2026 12:52 PM (IST)

भारतीय रेलवे ने कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच एक नई दैनिक मेल ट्रेन को मंजूरी दे दी ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. कानपुर-आनंद विहार के बीच नई दैनिक ट्रेन मंजूर।

  2. इटावा स्टेशन पर भी होगा ट्रेन का ठहराव।

  3. दिल्ली-एनसीआर के लिए रात में यात्रा का अतिरिक्त विकल्प।

जागरण संवाददाता, इटावा। कानपुर और दिल्ली के बीच रेल यात्रियों को एक और मेल दैनिक ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है। भारतीय रेलवे ने कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई दैनिक मेल ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी है।

खास बात यह है कि ट्रेन का ठहराव इटावा स्टेशन पर भी होगा। इससे जिले के यात्रियों को दिल्ली-एनसीआर के लिए रात में सफर करने का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। हालांकि ट्रेन के संचालन की तिथि की घोषणा का इंतजार है।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 14153/14154 नंबर की ट्रेन का संचालन कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच होगा। मार्ग में फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद स्टेशनों पर इसका ठहराव दिया गया है। ट्रेन दोनों दिशाओं में करीब 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

जल्द तारीख की होगी घोषणा

कानपुर से ट्रेन संख्या 14153 रात 8:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 14154 आनंद विहार टर्मिनल से रात 11:25 बजे चलकर सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। इससे इटावा के यात्रियों को रातभर सफर कर सुबह दिल्ली-एनसीआर पहुंचने का विकल्प मिलेगा।

ट्रेन के शुरु होने से दैनिक सेवा होने के कारण नौकरी, कारोबार, पढ़ाई और अन्य जरूरी काम से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

वहीं दिल्ली-एनसीआर से इटावा आने वाले यात्रियों के लिए भी रात की यात्रा का विकल्प बढ़ेगा। हालांकि अभी ट्रेन के संचालन कब से होगा इसकी तारीख घोषित नहीं हुई है। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन के संचालन की तिथि को लेकर रेलवे में मंथन चल रहा है। जल्द ही तारीख की घोषणा की जाएगी।

यह भी पढ़ें- गुजरात और बिहार के बीच जल्द चलेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस, यूपी के इन स्टेशनों पर होगा ठहराव