विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग की घटना से सबक, UP Roadways चलाएगा इन राज्यों के लिए स्लीपर-लग्जरी बसें

Published: Mon, 28 Sep 2026 09:09 PM (IST)

यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई बस आग की घटना के बाद, यूपी-एसआरटीसी ने 30 अनुबंधित स्लीपर और 42 नई लग्जरी बसें ...और पढ़ें

यह फोटो एआई जनरेटेड है।

यह फोटो एआई जनरेटेड है।

HighLights

  1. यमुना एक्सप्रेसवे आग घटना के बाद यूपी-एसआरटीसी की बड़ी पहल

  2. शुरुआत में 30 अनुबंधित स्लीपर बसें 24 रूटों पर चलेंगी

  3. कानपुर सहित अन्य राज्यों के लिए सुरक्षित और आरामदायक यात्रा

निर्मल पांडेय, कानपुर। यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने से नौ यात्रियों के जिंदा जलने की घटना के बाद इस तरह के अवैध संचालन को रोकने के लिए उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपी-एसआरटीसी) ने पहल की है। निगम ने शुरुआती दौर में 30 एसी अनुबंधित स्लीपर बसें चलवाने का निर्णय लिया है।

24 रूट तय किए गए हैं। इनमें दो स्लीपर बसें कानपुर से इंदौर और कोटा के लिए रहेंगी। निगम ने बसों का अनुबंध करने को टेंडर भी मांग लिए हैं। एक आवेदन भी प्राप्त हो चुका है। अनुमान है कि अगले दो माह में निगम स्लीपर बस सेवाएं शुरू कर देगा।

वर्तमान में परिवहन निगम के बेड़े में 14,500 से ज्यादा बसें हैं। इनमें साधारण बसों के अलावा एसी और इलेक्ट्रिक बसें भी हैं। अभी तक रोडवेज के पास स्लीपर बसें नहीं थीं। इसका फायदा निजी बस आपरेटर उठाते रहे हैं, क्योंकि लंबे रूट की यात्रा के लिए स्लीपर बसें अधिक आरामदायक हैं।

दूसरे राज्यों के लिए चलेंगी बसें, आठ साल का होगा अनुबंध

परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक (संचालन) अमरनाथ सहाय ने बताया कि अनुबंध वाली स्लीपर बसों का संचालन राजस्थान, बिहार, दिल्ली, देहरादून मध्य प्रदेश और हरियाणा जैसे अन्य राज्यों के लिए किया जाएगा। निगम की इस योजना में कई कंपनियों ने हिस्सा लिया है। अंतरराज्यीय रूटों पर संचालन के लिए बसों का आठ साल तक का अनुबंध किया जाएगा। इससे यूपी से बाहर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

42 नई वोल्वो बसें भी खरीदेगा परिवहन निगम

प्रधान प्रबंधक (संचालन) ने बताया कि परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द ही 42 नई वातानुकूलित लग्जरी बसें भी खरीदने का फैसला किया है। ये बसें रोडवेज की अपनी संपत्ति होंगी। अगले गर्मी के सीजन तक इन बसों को बेड़े में शामिल करने का लक्ष्य है।


लंबे रूटों पर भी बसों के संचालन के लिए परिवहन निगम ने रूपरेखा तैयार की है। शुरुआती दौर में 30 अनुबंधित स्लीपर बसों के लिए टेंडर मांगे गए हैं। इसमें एक आवेदन आया है। 24 रूट फाइनल हो गए हैं। अगले दो महीने के अंतराल में अनुबंधित स्लीपर बसों का संचालन शुरू कर देंगे। इसके बाद 42 नई लग्जरी बसें खरीदने पर कार्रवाई चल रही है। एक बस की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये होगी। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
-अनिल कुमार, जीएम आपरेशंस, परिवहन निगम

स्लीपर बसों के लिए वाया कानपुर ये रूट हुए हैं फाइनल

  • कानपुर-इंदौर, लखनऊ-जयपुर, वाराणसी-इंदौर, बाराबंकी-देवां-सीतापुर-जयपुर-अजमेर, बरेली-चंडीगढ़, गोरखपुर-दिल्ली, मेरठ-अजमेर वाया दिल्ली-जयपुर, सोनौली-दिल्ली, लखनऊ-आगरा-कैला देवी, लखनऊ-पुष्कर।
  • कानपुर-कोटा, गाजियाबाद-अयोध्या, अयोध्या-कानपुर-इंदौर, लखनऊ-गया, गाजियाबाद-वाराणसी, वाराणसी-कोटा वाया झांसी, गाजियाबाद-कटरा, लखनऊ-कोटा वाया झांसी, मेरठ-कोटा, लखनऊ-इंदौर, मथुरा-दिल्ली-कटरा।
  • अयोध्या-जयपुर, लखनऊ-दिल्ली (एक्सप्रेस-वे होकर), लखनऊ-दिल्ली (बरेली होकर)।

ये भी जानें

  • 30 स्लीपर बसों का होगा संचालन।
  • 24 रूटों पर दौड़ेंगी स्लीपर बसें।
  • 42 नई लग्जरी बसें भी खरीदेगा निगम।

यह भी पढ़ें- कानपुर दवा कारोबारी हत्याकांड: बहू को 22 दिन बाद राहत, कोर्ट ने दिए रिहाई के आदेश; जेल से रोते हुए बाहर आई शालू

यह भी पढ़ें- फतेहपुर में भीषण विस्फोट, पटाखा व्यवसायी का दो मंजिला मकान ढहा, 7 लोग दबे, बेटे व भतीजों समेत 4 की मौत