विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में शादी की सालगिरह की खुशियां मातम में बदलीं... दूसरी मंजिल से 14 माह की बेटी को फेंककर कूदी महिला

Published: Sun, 11 Oct 2026 05:28 PM (IST)

कानपुर के गुजैनी में शादी की तीसरी सालगिरह पर हुए विवाद के बाद एक महिला ने अपनी 14 माह की ...और पढ़ें

मृतक रोशनी की फाइल फोटो। स्वजन

मृतक रोशनी की फाइल फोटो। स्वजन

HighLights

  1. शादी की सालगिरह पर हुआ पारिवारिक विवाद

  2. महिला ने 14 माह की बेटी को नीचे फेंका

  3. पति ने बच्ची को बचाया, महिला की मौत

जागरण संवाददाता, कानपुर। गुजैनी के मर्दनपुर में शादी की तीसरी सालगिरह पर खुशियां मना रहे परिवार में कुछ ही देर बाद मातम छा गया। सात अक्टूबर की देर रात हुए विवाद के बाद 20 वर्षीय रोशनी ने अपनी 14 माह की बच्ची को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। इसके बाद खुद भी छलांग लग दी।

नीचे मौजूद पति नूर आलम ने बच्ची को कैच करके उसकी जान बचा ली, लेकिन रोशनी गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

मर्दनपुर निवासी नूर आलम सिलाई कारीगर हैं। सात अक्टूबर को उनकी शादी की तीसरी सालगिरह थी। इस मौके पर रोशनी की बड़ी बहन ईशरत भी घर आई थीं। परिवार ने साथ में केक काटा और खाना खाया। देर रात किसी बात को लेकर नूर आलम और उनकी साली के बीच बहस हो गई।

इसके बाद नाराज ईशरत घर से जाने लगीं। रोशनी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुकीं। इसी बात से आहत होकर रोशनी अपनी बच्ची को लेकर दूसरी मंजिल पर पहुंच गईं। स्वजन के मुताबिक, रोशनी ने पहले बच्ची को नीचे फेंका, जिसे नीचे खड़े नूर आलम ने पकड़ लिया। फिर रोशनी ने भी छलांग लगा दी।

घटना से परिवार में खुशियों के बीच मातम छा गया। स्वजन दोनों को निजी अस्पताल ले गए। डाक्टर ने बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई गई, जबकि रोशनी को गंभीर हालत में एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया। दो दिन तक इलाज के बाद रविवार सुबह डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गुजैनी थानाप्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि स्वजन की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- Navratri Special 2026: कानपुर में नवरात्र में मां के अद्भुत स्वरूप, कहीं दर्पण में दर्शन तो कहीं भक्तों को मिलता है खजाना